
Special correspondent
Ranchi: झारखंड में शराब के अवैध कारोबार और इससे जुडे अपराध की जांच के लिए आंतकवाद निरोधी दस्ते और इसके राज्यस्तरीय थाने को शक्ति दी गयी यानि आंतकवाद निरोधी दस्ता और इससे जुड़े थाने राज्य में कहीं भी अवैध अल्कोहल, स्प्रीट, मदिरा के चौर्य व्यापार, निर्माण, परिवहन, बिक्री, वितरण से संबंधित गंभीर कांडों, जिससे संगठित गिरोह, अंतर्राज्जीय एवं राज्य अंतर्गत पेशेवरों के शामिल होने एवं इसके कारण विधि वयवस्था में गड़बड़ी तथा जान-माल की क्षति या कोई राजकोषीय क्षति होने की संभावना रहती है तो दस्ता कानूनी कार्रवाई कर सकता है. छापेमारी, गिरफ्तारी एवं अनुसंधान भी करने की शक्ति दी गयी है. इस संबंध में गृह सचिव अविनाश कुमार के हस्ताक्षर से आदेश भी जारी कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: केंद्र ने मनरेगा मजदूरी भुगतान के लिए 400 करोड़ की राशि आवंटित की
दरअसल, सरकार का यह मानना है कि आतंकवाद एवं संगठित अपराध की कड़ियां सामान्यत: आपस में जुड़ी रहती है. आंतकवादी गतिविधियों का वित्त पोषण संगठित आपराधिक गिरोह के जरिये भी होता है. इसके तहत भयादोहन, मादक पदार्थ के अवैध धंधे, तस्करी आदि का सहारा लिया जाता है. शराब की अवैध विक्री, वितरण इत्यादि भी आंतकवाद के पोषण में सहायक है. ऐसे में संगठित आपराधिक गिरोहों पर नियंत्रण के लिए आतंकवाद निरोधी दस्ता द्वारा इन अपराधों पर पैनी निगाह रखने का निर्णय लिया है. इन पर कानूनी कार्रवाई करने एवं गंभीर अपराधों को रोकने लिए आंतकवादी निरोधी दस्ता की शक्ति बढ़ायी गयी है.




