
Ranchi : एनसीपी के हुसैनाबाद विधायक कमलेश सिंह पलामू पुलिस के रवैये से नाराज हैं. खासकर एसपी, पलामू को उन्होंने निशाने पर लिया है. साथ ही उग्रवाद प्रभावित हुसैनाबाद, हरिहरगंज में बढ़ती उग्रवादी घटनाओं को लेकर सरकार की मंशा पर भी सवाल किया है. गुरुवार को मीडिया में वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि हैदरनगर (पलामू) में एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण का निर्माण कार्य चल रहा है. पिछली रात को उग्रवादी वहां आए और एक नये जेसीबी, 2 ट्रैक्टर को आग लगा दी. मुंशी को भी पीटा. इसकी आशंका पहले से थी. कमलेश ने कहा कि बन रहे रोड के निर्माण कार्य को रोके जाने से क्षेत्र में विकास के काम कैसे होंगे जिससे ग्रामीणों को लाभ मिलता. अभी जो एसपी के महत्वपूर्ण पद पर हैं, उनका ऐसे गंभीर विषयों पर ध्यान ही नहीं. नजदीकी पहाड़ पर उग्रवादियों के छिपे होने की सूचना एसपी को दी गयी थी. पिछले तीन चार माह में उन्होंने खुद भी कई बार सूचना दी, लेटर लिखा. कहा कि उग्रवादियों के जुटे होने से विकास कार्यों में बाधा आ सकती है, एक्शन लिया जाए. पूर्व में भी यहां जो एसपी रहते थे, वे आगे बढ़कर उग्रवादी समस्या के निजात के लिए प्रयास करते थे. पर अब ऐसा नहीं है.
रघुवर सरकार में थी राहत
कमलेश सिंह ने पूर्व सीएम रघुवर दास के समय के कार्यकाल को बेहतर बताते कहा कि उनके समय उग्रवाद की समस्या तकरीबन खत्म हो गयी थी, विकास के काम तेज हो गये थे पर अब इस सरकार में फिर से बढा है. शायद सरकार का ही इसमें कोई इंट्रेस्ट हो. हुसैनाबाद, हरिहरगंज उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र है और इसमें यहां के एसपी (पलामू) की भूमिका चिंतनीय है.
इसे भी पढ़ें – जेनेटिक हॉस्पिटल में बंधक खूंटी की महिला को सीआइडी की टीम ने लोकल थाना की मदद से कराया मुक्त, होगा मामला दर्ज



