
Palamu: जिले के तरहसी के अंचलाधिकारी केदारनाथ सिंह के साथ बुरा व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के बाद थाना प्रभारी जय प्रकाश पासवान के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई की. थाना क्षेत्र के गुरहा के रहने वाले अबू दरदा समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया.
बताते चलें कि 24 मई 2023 को अंचलाधिकारी केदारनाथ सिंह ने अबू दरदा समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्यालय में घुसकर बुरा व्यवहार करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं 1 घंटे तक कार्यालय को अस्थिर करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले में मुख्य समेत अन्य आरोपी फरार चल रहे थे.
इधर, थाना प्रभारी जयप्रकाश पासवान ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में अबू दरदा एवं जावेद अली पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, थाना प्रभारी की वर्दी फाड़ देने, मारपीट करने एवं साथी पुलिस कर्मी के साथ मारपीट करने व गाली गलौज करने का आरोप लगाया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि 22 जुलाई शनिवार को अपराध गोष्ठी में शामिल होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय मेदिनीनगर से अपने सहकर्मी सहायक अवर निरीक्षक जगजीवन मोची और चालक अशोक कुमार के साथ थाना लौट रहे थे. इसी क्रम में बेदानी मोड़ स्थित सार्वजनिक जगह पर देखा गया कि अबू दरदा एवं जावेद अली सिगरेट पी रहे थे. उन्हें सिगरेट पीने से मना किया गया तो यह उन्हें नागवार गुजरा और उल्टा थाना प्रभारी को ही कई तरह की दलील देने लगे. समझाते हुए डांट डपट किया तो दोनों युवक थाना प्रभारी से उलझ गए और मारपीट करने लगे. वर्दी फाड़ दी. बीच-बचाव करने पर जगजीवन मोची और चालक अशोक कुमार के साथ भी मारपीट की. मुक्का से मारने पर तीनों को चोट आई. बाद में स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया. बाद में गश्ती दल को बुलाकर दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.




