Bihar

SKMCH में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मद से 57 लाख की हेराफेरी, ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा

Muzaffarpur : जिले के एसकेएमसीएच में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मद के 57 लाख की हेराफेरी हुई है. इसका ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा हुआ है. इसमें एसकेएमसीएच के संबंधित क्लर्क की संलिप्तता सामने आई है. ऑडिट रिपोर्ट 2020-21 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पार्ट ए व बी फंड अलॉट हुआ.

पार्ट ए में 14 लाख और बी में 16 लाख रुपए खर्च दिखाए गए हैं. लेकिन, रोकड़ बही में इसकी एंट्री नहीं है. कैशबुक 2012 से ही अपडेट नहीं है. कैशबुक व बैलेंस शीट में काफी अंतर है. अधीक्षक डॉ. बीएस झा ने जांच के लिए उपाधीक्षक डॉ. गोपाल शंकर सहनी व डॉ. सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की थी. जांच टीम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 57 लाख का लेखा-जोखा नहीं होने की बात कही है. कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इतनी बड़ी राशि बिना लेखा-जोखा के खर्च करना क्लर्क की लापरवाही को दर्शाता है.

जांच अधिकारियों की रिपोर्ट पर अधीक्षक ने डीलिंग क्लर्क अरविंद कुमार के एक्सटेंशन पर रोक लगा दी है. हालांकि, इसके बाद भी रोकड़ बही का हिसाब अपडेट नहीं हुआ है. यहां तक कि 57 लाख की हेराफेरी में अब तक कोई विभागीय कार्रवाई भी नहीं हुई. अधीक्षक ने बताया कि डीलिंग क्लर्क द्वारा मांगी गई मोहलत की अवधि खत्म हो गई है. प्रधान सचिव व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यपालक निदेशक को मामले से अवगत करा दिया गया है. गोपनीय जांच कराने की मांग की गई है. जांच रिपोर्ट के मुताबिक आगे कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Back to top button