
Ranchi : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने मंगलवार को डुमरी में मतदान समाप्त होने के बाद कहा कि उपचुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए सभी मतदाताओं का आभार. पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी उत्साह के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपना हक और फर्ज अदा किया है. जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं, उनमें मतदाताओं ने आशंकाओं और दबाव को खारिज किया. लोग सुबह से ही लंबी कतारों में लगे रहे. बारिश में भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ. यह चुनाव निश्चित तौर पर राज्य में नई राजनीतिक दिशा तय करेगा.
सुदेश ने निर्वाचन आयोग, जिला प्रशासन, पुलिस बल के जवान, चुनाव संपन्न कराने में लगी पोलिंग पार्टी, मतदान कर्मी सहित सभी कर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरी में हिंसा के बिना चुनाव संपन्न कराया गया है. यह डुमरी के राजनीतिक भविष्य के लिए सुखद संकेत है. सुबह से ही मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारबद्ध होकर मतदान किया.
मतदान के बाद प्राप्त पहले रुझान के अनुसार मतदान 63.75 प्रतिशत हुआ. यह बदलाव और परिवर्तन का संकेत है. डुमरी की जनता ने विकास को मुद्दा बनाते हुए सकारात्मक मतदान किया है. इसके लिए डुमरी के मतदता बधाई के पात्र हैं.
आज डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ. 373 मतदान केंद्रों पर मतदान शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. प्रशासन ने लगभग 200 बूथों की पहचान नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों के रूप में की थी. लेकिन यहां से भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है. डुमरी उपचुनाव में 1.44 लाख महिलाओं सहित 2.98 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया वे सभी धन्यवाद के पात्र हैं.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह के बगोदर में जंगली हाथियों के झुंड ने मचायी तबाही, घरों को किया नुकसान



