
Ranchi: अंतरराष्ट्रीय जल दिवस के मौके पर बुधवार को फुटबॉल मैदान, पतरागोंदा में कांके डैम संरक्षण समिति की बैठक हुई. इसमें समिति के संरक्षक अमृतेश पाठक की अध्यक्षता में दो घंटे का सत्याग्रह कार्यक्रम भी हुआ. उन्होंने कहा कि आज से दो साल पहले कांके डैम को बचाने को 22 दिनों तक आंदोलन हुआ था. पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने डैम संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाए जाने का भरोसा दिलाया था. पर अब तक ऐसा नहीं हुआ है. उनके आश्वासन पर ज्यादा भरोसा करना समिति और स्थानीय लोगों के लिए ठीक नहीं रहा. ऐसे में फिर से पुरानी मांगों पर जोरदार आंदोलन करना होगा. कांके डैम जैसे महत्वपूर्ण जलाशय को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने को सबों को मिलकर सामने आना होगा. समिति के अध्यक्ष रमेश मुंडा ने कांके डैम में मछली पालन टेंडर को लेकर मुद्दा उठाया. कहा कि मंत्रीजी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर स्थाई बंदोबस्ती का आश्वासन दिया था. वह भी पूरा नहीं हुआ. मजबूर होकर अब समिति अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री आवास के समीप स्थाई बंदोबस्ती और अपने रोजगार के लिए सत्याग्रह करेगी. बैठक में मंटू मुंडा, सोनू लकड़ा, बड़कू मुंडा, बिरसा मुंडा, आजू मुंडा, सुनील मुंडा समेत कई गांवों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें: चाईबासा में मनरेगा में हुई गड़बड़ी पर एसीबी में दर्ज रिपोर्ट पर हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी अद्यतन जानकारी




