
Ranchi: झारखंड की खान सचिव आइएएस पूजा सिंघल इडी कार्यालय पहुंच चुकी है. इडी ने पूजा सिंघल को पूछताछ के लिए बुलाया है. एक दिन पूर्व इडी ने समन जारी कर सिंघल को पूछताछ के लिए बुलाया है. पूजा सिंघल पति अभिषेक झा के साथ इडी कार्यालय पहुंची है. पूजा सिंघल के आने के पहले इडी कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और ईडी कार्यालय में हलचल तेज है. इडी के कई अधिकारी कार्यालय पहुंचे हैं. इससे पहले पुलिस की सुरक्षा में पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार सिंह को भी इडी कार्यालय लाया गया है. माना जा रहा है कि दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा सकती है.

मालूम हो कि इडी ने पूजा सिंघल व उनसे जुड़े लोगों के देश में पसरे ठिकानों पर छापेमारी की है. जिसमें करोड़ों की नकदी के साथ ही भारी निवेश की जानकारी मिली है. इसी से संबंधित पूछताछ चल रही है. दो दिनों तक चली लंबी पूछताछ के दौरान ईडी और आयकर विभाग आईएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा और सीए सुमन कुमार सिंह के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं.
इडी को अब तक 19 करोड़ 31 लाख कैश बरामदगी की सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है. इडी अधिकारियों के मुताबिक, सुमन के खिलाफ मनी लाउंड्रिंग के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं. पूछताछ के दौरान अभिषेक झा भी सवालों में उलझे रहे. इडी के सवालों का उन्होंने खुलकर जवाब नहीं दिया. पूजा सिंघल का सीए सुमन कुमार सिंह को पहले ही इडी गिरफ्तार कर चुकी है. माना जा रहा है कि इडी कभी भी अभिषेक झा को गिरफ्तार कर सकती है. सूत्र बताते हैं कि इडी को यह साक्ष्य मिले हैं कि पूजा सिंघल ने अपने बैंक खातों से कई बार सुमन के बैंक खाते में लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन किया है.




