
Malda : मालदा टाउन स्टेशन के एक नंबर प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति अचानक स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की छत पर जा बैठा. कुछ देर बाद वह ट्रेन के ऊपर से गुजर रहे हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से वह वही गिर पड़ा. कुछ देर बार उसका शरीर धू-धू कर जलने लगा.
रविवार देर शाम इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. बाद में रेलवे कर्मचारियों ने आग बुझाकर उसे नीचे उतारा और मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक जांच के बाद रेल प्रबंधन ने पत्नी के साथ मनमुटाव के कारण उस व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने का प्रयास करने की बात कही.
इधर, मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि इस व्यक्ति के शरीर का 90 फीसदी हिस्सा जल गया है. उसे फिलहाल बर्न यूनिट में वेंटिलेशन पर रखा गया है. उसकी हालत बहुत चिंताजनक है. अगले 48 घंटे में उसके बारे में कुछ कहना संभव नहीं है.
इसे भी पढ़ें : #SaryuRoy ने एक ही सीट से भरा पर्चा, लगे नारे- ‘भाजपा से बैर नही, रघुवर तेरी खैर नहीं’
रिश्तेदार के घर शादी में आया था
मालदा टाउन स्टेशन के जीआरपी के सूत्रों के अनुसार उस व्यक्ति का नाम विनोद भुइयां (40) है. वह झारखंड के रांची इलाके का रहने वाला है. मालदा शहर में दो दिन पहले वह अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में हिस्सा लेने आया था.
रविवार शाम करीब 6:30 बजे मालदा टाउन स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर खड़े मालदा फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन की एक बोगी की छत पर जा बैठा. इसके बाद वह लोगों की नजरों से बचते हुए ट्रेनों की छत के ऊपर से गुजर रहे हजारों वोल्ट के बिजली तार को छू लिया.
बिजली के झटके से वह रेलवे बोगी की छत से छिटककर प्लेटफार्म पर जा गिरा. उसके बाद उसे तत्काल मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इसे भी पढ़ें : #CBI ने खादी ग्रामोद्योग की रांची इकाई के तीन करोड़ रुपये के घोटाले में मामला दर्ज किया, जांच शुरू
परिवार वालों ने कहा-मानसिक रूप से विक्षिप्त है
प्राथमिक जांच के बाद मालदा टाउन स्टेशन के जीआरपी एवं रेल पुलिस को पता चला है कि रविवार को ही फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से विनोद भुइयां अपनी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली जाने के लिए मालदा टाउन स्टेशन आया था.
इस बीच अचानक ऐसा क्या हुआ कि वह व्यक्ति ट्रेन की छत पर जाकर ख़ुदकुशी करने का मन बनाया. रेल पुलिस इस बारे में उसके परिवारवालों से पूछताछ कर रही है.
हालांकि उसके परिवारवालों की ओर से इस बारे में निश्चित रूप से कुछ भी नहीं बताया गया है. परिवारवालों का कहना है कि मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के कारण उसने इस तरह की घटना को अंजाम दिया.
मालदा के डीआरएम तनु चंद्रा ने बताया मालदा टाउन स्टेशन रेल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.




