
Dhanbad : धनबाद राष्ट्रीय जनता दल में टिकट को लेकर बिखराव के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने नई कमेटी बनायी और पदभार ग्रहण कराया. झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने पत्र जारी कर तारकेश्वर यादव को धनबाद जिलाध्यक्ष और चंद्रदेव यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है.
बता दें कि विधानसभा चुनाव में राजद के जिलाध्यक्ष अवधेश यादव उर्फ पप्पू यादव झरिया विधानसभा से टिकट की इच्छा रख रहे थे लेकिन कांग्रेस और जेएमएम से गठबंधन के कारण पप्पू यादव को टिकट नहीं मिला.
जिस कारण जिलाध्यक्ष रहे पप्पू यादव और उनकी मां पूर्व मंत्री आबो देवी ने राजद छोड़ दिया और आजसू का दामन थाम लिया.
इसे भी पढ़ेंः #JNU छात्रों के संसद मार्च को पुलिस ने रोका, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, सड़कें जाम, चार मेट्रो के गेट बंद
जो दूसरी पार्टी में गये हैं उन्हें निकाल दिया गया है
सोमवार को धैया में राजद के बैनर तले नव नियुक्त धनबाद जिलाध्यक्ष तारकेश्वर यादव द्वारा प्रेस को संबोधित कर बताया गया कि जो लोग दूसरी पार्टी में चले गये हैं उनको पार्टी से निकाल दिया गया है. इसके बाद नयी कमेटी का गठन किया गया है.
उन्होंने कहा कि मुझे जिलाध्यक्ष बनाया गया है जबकि चंद्रदेव यादव को कार्यकरी अध्यक्ष मनोनीत किया गया है. उन्होंने कहा कि हमलोग गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे.
साथ ही इस सरकार की नाकामियों को लोगों के बीच उजागर करेंगे और राज्य में नयी सरकार बनाने के लिए वोट देने की अपील करेंगे.
इसे भी पढ़ेंः #SaryuRoy ने एक ही सीट से भरा पर्चा, लगे नारे- ‘भाजपा से बैर नही, रघुवर तेरी खैर नहीं’
झारखंड में सात सीटों पर चुनाव लड़ेगा राजद
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजद गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है. झारखंड में राजद सात सीटों पर चुनाव लड़ रहा है बाकी जगहों पर गठबंधन धर्म का पालन करते हुए कांग्रेस या जेएमएम के प्रत्याशी को पूरे तन मन से जिताने का काम किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि भाजपा को सत्ता मे आने से रोकने के लिए गठबंधन की जरूरत है. हम सभी लोग मिलकर लोगों को इस सरकार की नाकामियों के बारे में बतायेंगे और भाजपा के प्रत्याशियों को हराने का काम करेंगे.




