
Ranchi: मोरहाबादी मैदान के दुकानदारों को हटाए जाने के मामले को लेकर रौशन कुमार एवं अन्य की रिट याचिका की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई. मामले मे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राजेश शंकर की कोर्ट ने मोरहाबादी के फुटपाथ दुकानदारों के पक्ष मे फैसला सुनाया है. कोर्ट ने उन्हें 6 महीनों के अंदर वेंडर मार्केट बनाकर उसमे जगह देने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: मुरैना में खुलेआम चली गोलियां, वीडियो वायरल, छह लोगों की मौत
दुकानदारों ने फैसले पर जताई खुशी
अदालत द्वारा दिए गए फैसले के अपने पक्ष में होने पर मोरहाबादी के दुकानदारों ने इसे लेकर खुशी जताई. दुकानदारों ने रंग गुलाल लगाकर, एक दूसरे को मिठाई खिलाकर एवं पटाखे जलाकर एक दूसरे को बधाई दी. इस दौरान दुकानदारों ने अपने नेता कुमार रौशन का आभार व्यक्त किया साथ ही रविवार 7 मई को दोपहर 1 बजे तक मोरहाबादी मे दुकानें बंद रखने एवं हाईकोर्ट के फैसले को लेकर विजय जुलुस निकाले जाने का एलान किया.विजय जुलूस मोरहाबादी मैदान से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली जाएगी. इस मौके पर कुमार रौशन ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं, हम उच्च न्यायलय के फैसले का स्वागत करते हैं, रोज कमाने- खाने वालों के लिए यह एक चमत्कार की तरह है, गरीबों को इन्साफ मिला है.
क्या था मामला
बता दें कि पिछले वर्ष 27 जनवरी 2022 को मोरहाबादी में गैंगस्टर कालू लामा की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद जिला प्रशासन के द्वारा मोरहाबादी में धारा 144 लगा कर सभी अस्थायी ठेला, खोमचा , गुमटी को हटाने का निर्देश जारी किया गया था. इसके बाद फुटपाथ दुकानदारों ने कुमार रौशन के नेतृत्व में जिला प्रशासन के इस आदेश के खिलाफ आंदोलन शुरु कर दिया. फुटपाथी दुकानदार मान्या पैलेस के पास अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गये. बाद में दुकानदारों ने हाईकोर्ट मे रिट याचिका दायर कर दिया. इसी बीच निगम द्वारा जबरन दुकानदारों को हटा दिया गया. कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद 2 जगहों पर अस्थायी तौर पर दुकानदारों के लिए व्यवस्था की गई.




