
Ranchi: देवाधिदेव महादेव की आराधना का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि पर तड़के से रांची स्थित पहाड़ी मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों से मंदिर पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए दिख रहे हैं. प्रशासनिक व्यवस्था का पालन करते हुए श्रद्धालु बारी आने पर पूजा कर रहे हैं. विशेष पूजा के मद्देनजर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. बेलपत्र, फूल व गंगाजल से लोग भोले भंडारी का अभिषेक कर रहे हैं.

पहाड़ी मंदिर ही नहीं शहर के विभिन्न मंदिरों में महाशिवरात्रि की पूजा पूरी आस्था के साथ हो रही है. तकरीबन सभी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतार लगी हुई है.

गली-गली भोले भंडारी के गीतों व स्तुतियों से गूंज रही है. ऐसा लग रहा है कि मानो पूरा शहर शिव की आराधना में लीन हो गया है.





