NationalTODAY'S NW TOP NEWS

#MaharashtraHaryanaElectionResults: महाराष्ट्र में BJP आगे, हरियाणा में कांग्रेस दे रही टक्कर

New Delhi: हरियाणा और महाराष्ट्र में मतगणना शुरू हो गयी है. दोनों ही जगह चुनाव हुए थे. जिसका परिणाम गुरुवार को सबके सामने होगा.

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 288 सीटों पर चुनाव हुए थे. वहीं हरियाणा में 90 सीटों पर मतदान हुआ था

इसे भी पढ़ें- #Jharkhand बनने के बाद 58 नेताओं ने दल बदले, 50% गये #BJP में और 17% #JMM में

महाराष्ट्र में बीजेपी आगे

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव, सातारा लोकसभा उपचुनाव के लिए मतगणना आरंभ हो चुका है. यहां 288 सीटों में से अबतक 15 सीटों के रुझाने आये हैं.

इन 15 सीटों में से 11 सीटों पर बीजेपी आगे है. वहीं चार सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है.

अधिकारियों ने बताया कि राज्य की 288 विधानसभा सीटों के लिए राज्य में 269 स्थानों पर मतगणना आरंभ हुई. एग्जिट पोल (मतदान के बाद सर्वेक्षण) ने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन की आसान जीत की संभावना जतायी है.

मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मियों की तैनाती की गयी है. मतगणना शांतिपूर्वक कराने के लिए पुलिस विभाग ने भी पर्याप्त इंतजाम किये हैं. एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को 61.13 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि वर्ष 2014 में 63.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था.

सबसे ज्यादा कोल्हापुर की करवीर सीट पर 83.93 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सबसे कम दक्षिण मुंबई के कोलाबा क्षेत्र में 40.11 प्रतिशत मतदान हुआ. सोमवार को सातारा लोकसभा क्षेत्र के लिए भी उपचुनाव हुआ था. यहां पर 67.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

इसे भी पढ़ें- #BJP के नाराज कार्यकर्ता संपर्क में, दीपावली में होगा बड़ा धमाका : जेएमएम

हरियाणा में कांग्रेस दे रही टक्कर

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना आरंभ हो चुका है. यहां 90 सीटों पर चुनाव हुए थे. जिसमें 17 के रुझान आ गये हैं. इन 17 सीटों में फिलहाल 8 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है. जबकि कांग्रेस 6 सीटों पर आगे है.

बीजेपी और कांग्रेस के बीच शुरुआती रुझान में मात्र दो सीटों का फर्क है. यानी कांग्रेस यहां बीजेपी को टक्कर दे रही है. गौरतलब है कि जेजेपी यहां 2 सीटों पर आगे चल रही है.

इसे भी पढ़ें- #CoochBehar  : तूफानगंज में #BJP और #TMC समर्थकों के बीच झड़प, इलाका रणक्षेत्र में बदला

हरियाणा की दादरी सीट से पहलवान और बीजेपी प्रत्याशी बबीता फोगाट ने चुनाव लड़ा था. मतगणना शुरू होने से पहले बबीता ने कहा कि उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है. जनता ने उन्हें बहुत प्यार और समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि जनता मुझे अपना आशीर्वाद जरूर देगी.

1,169 उम्मीदवार आजमा रहे चुनावी किस्मत 

इस चुनाव में भाजपा को दोबारा सत्ता में आने की उम्मीद है और अधिकतर एग्जिट पोल में भी पार्टी को आसान जीत मिलने की संभावना जतायी गयी है. हर विधानसभा क्षेत्र पर एक मतदान केंद्र बनाया गया है. गुड़गांव के बादशाहपुर में मतदान केंद्रों की अधिक संख्या के मद्देनजर एक अतिरिक्त केंद्र भी बनाया गया है.

राज्य में सोमवार को 68 प्रतिशत मतदान हुआ था जो 2014 विधानसभा चुनाव के हुए 76.54 प्रतिशत मतदान से कम है. हरियाणा में विभिन्न राजनीतिक दलों से 105 महिलाओं सहित कुल 1,169 उम्मीदवार चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं.

इनमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं. खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जबकि कांग्रेस राज्य में वापसी करने की उम्मीद कर रही है.

Related Articles

Back to top button