
Mumbai: महाराष्ट्र में सरकार किसकी बनेगी. मुख्यमंत्री किस पार्टी का होगा. इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है. भाजपा और शिवसेना के बीच सत्ता बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही है.
सूत्रों के मुताबिक इसी बीच शनिवार देर रात आदित्य ठाकरे शिवसेना विधायकों से मिलने पहुंचे. जिसके बाद उन्होंने विधायकों के साथ सुबह करीब पांच बजे तक बैठक की.
इसे भी पढ़ें- महाराष्ट्र: भाजपा को मिला सरकार बनाने का न्योता, 11 तक बहुमत साबित करना होगा
शिवसेना को अपने विधायकों के खरीद-फरोख्त का डर
गौरतलब है कि बीजेपी-शिवसेना में सरकार बनाने को लेकर जारी सियासी रस्साकशी के बीच शिवसेना के सभी विधायकों को मुंबई के मलाड स्थित द रिट्रीट होटल में शिफ्ट कर दिया गया है. उल्लेखनीय है कि इससे पहले वो रंग शारदा रिसॉर्ट में थे.
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार शाम को भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सरकार बनाने का न्योता दिया है. इसके बाद से महाराष्ट्र में विधायकों की खरीद-फरोख्त का डर बढ़ गया है.
इसे देखते हुए शिवसेना ने अपने विधायकों को एक होटल से दूसरे होटल में शिफ्ट कर दिया. साथ ही देर रात आदित्य ठाकरे अपने विधायकों से मिलने पहुंचे और उनके साथ बैठक की.
इसे भी पढ़ें- #JharkhandElection : AAP 25-30 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, 10 नवंबर को उम्मीदवारों के नाम होंगे जारी
भाजपा को विधानसभा में 11 नवंबर तक बहुमत साबित करना होगा
विधानसभा चुनाव में बीजेपी 105 सीट हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनी है. भाजपा को विधानसभा में 11 नवंबर तक बहुमत साबित करना होगा. देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. राज्यपाल ने उन्हें नयी व्यवस्था होने तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को कहा था.
इसके पहले कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने भी आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र में पार्टी बदलने के लिए विधायकों को 25 करोड़ रुपये से लेकर 50 करोड़ रुपये तक देने की पेशकश की जा रही है. उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस विधायकों को भी इस तरह के प्रस्तावों के साथ फोन पर संपर्क किया गया है.




