
Chakradharpur : सावन में गोईलकेरा के महादेवशाल धाम में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आठ जोड़ी ट्रेनों का अस्थाई ठहराव बुधवार से शुरू हो जाएगा. यह ठहराव 9 जुलाई से लेकर 12 अगस्त तक होगा. तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेन प्रतिदिन रुकेगी जबकि पांच जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव अलग- अलग दिन होगा. दक्षिण- पूर्व रेल मुख्यालय गार्डेनरीच से यह आदेश मंगलवार को जारी कर दिया गया है. रेलवे ने इस बार शालीमार- कुर्ला एक्सप्रेस एवं अहमदाबाद – हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव महादेवशाल स्टेशन में नहीं दिया है. ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किए जाने के साथ ही रेलवे ने महादेवशाल मंदिर परिसर में टिकट खिड़की खोलने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
कब,किस ट्रेन का होगा ठहराव
चक्रधरपुर-राउरकेला-चक्रधरपुर मेमू (08163/08164) पैसेंजर, इतवारी-टाटा एक्सप्रेस दुर्ग-राजेंद्रनगर-दुर्ग (13287/13288) एक्सप्रेस, पुरी-योग एन ऋषिकेश (18477/18478) एक्सप्रेस, हावड़ा-टीटलागढ़-हावड़ा सुपरफास्ट इस्पात एक्सप्रेस (12871/12872) एक्सप्रेस का ठहराव दो मिनट के लिए रोजाना दिया गया है जबकि (18109/18110) टाटा-एर्नानाकुलम (18189/18190) एक्सप्रेस (गुरुवार-रविवार), एर्नाकुलम-टाटा (18190) एक्सप्रेस (मंगलवार-शुक्रवार) और हावड़ा-जगदलपुर-हावड़ा (18005/8006) एक्सप्रेस का रविवार और सोमवार को ठहराया दिया गया है.
महादेवशाल में दो वर्ष बाद लगेगा श्रावणी मेला
करोना की वजह से पिछले दो वर्षों से महादेवशाल धाम में श्रावणी मेला का आयोजन नहीं होता था. इस कारण इस वर्ष महादेवशाल धाम में बाबा भोलेनाथ की पूजा- अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने का उम्मीद है. इसकी तैयारी महादेवशाल मंदिर समिति ने भी कर ली है. बता दें कि झारखंड के दूसरे बाबा धाम के नाम से मशहूर महादेवशाल धाम की एक अलग ही पहचान पूरे देश में है. यहां खंडित शिवलिंग की पूजा- अर्चना की जाती है. यही कारण है कि देश के विभिन्न राज्यों के अलावा कोल्हान के साथ -साथ झारखंड के कोने-कोने से लोग बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने आते हैं. यहां कोल्हान के अलावा ओडिशा से भी लोग कांवर लेकर पैदल बाबा का जलाभिषेक करने आते हैं. महादेवशाम धाम में पूरे एक माह तक मंदिर परिसर में मेला लगता है.
ये भी पढ़ें-




