
Jamshedpur : शहरी एवं आवासन मंत्रालय भारत सरकार के स्मार्ट सिटी स्मार्ट अर्बेनाइजेशन विषय पर आयोजित कार्यक्रम के तहत जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव के निर्देशानुसार अनुकृति फाउंडेशन के साथ मिलकर जुगसलाई नगर परिषद के चार क्षेत्रों में क्लाइमेट चेंज थीम पर परिवर्तन नामक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. क्लाइमेट चेंज या जलवायु परिवर्तन एक वैश्विक समस्या है, जिसकी वजह से पूरा विश्व प्राकृतिक आपदा जैसे सूखा, बाढ़, अम्ल वर्षा से जूझ रहा और इसका एकमात्र कारण मानव द्वारा फैलाए गए प्रदूषण एवं संसाधनों की अति दुरुपयोग है.
जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने जुगसलाई नगर परिषद की साफ सफाई में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु अपील की कि तय समय पर कचरे को नगर परिषद की घर-घर कचरा संग्रहण गाड़ी में ही दें. ताकि साफ सफाई की व्यव्स्था को और समुचित रूप से व्यवस्थित किया जा सके. साथ ही उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की उपलब्धि के लिए बधाई दी. विधायक ने सभी से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का अनुरोध किया.
परिवर्तन के जरिए पर्यावरण में पहले और बाद में आए बदलाओं को लोगों को समझाने की कोशिश की गई. जलवायु परिवर्तन की समस्या अब और विकराल रुप लेती जा रही और अगर अब सचेत ना हुए तो परिणाम और बुरा हो सकता है.
साथ ही लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा कचरा इधर उधर नहीं फैलाने की अपील की गई. सिंगल यूज प्लास्टिक जल स्रोतों में पहुंच कर जलीय जीवों, मनुष्यों एवं पशु पक्षियों को भी नुकसान पहुंचाता है. मौके पर विधायक मंगल कालिंदी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, जुगसलाई नगर परिषद के कर्मी, स्वच्छता एंबेसेडर, अनुकृति फाउंडेशन के कर्मी एवं नागरिक मौजूद थे.
इन क्षेत्रों में हुआ नुक्कड़ नाटक का आयोजन
- बाबू वीर कुंवर सिंह चौक
- नया बाजार
- ईदगाह मैदान
- गौशाला चौक
इसे भी पढ़ें – झारखंड : स्कूलों में एक बार फिर लौटी रौनक, पहले दिन क्लास में कम रही उपस्थिति




