
Jamshedpur : मानगो के डिमना रोड स्थित दरभंगा डेयरी के पास फुटपाथ के आस-पास दुकान लगानेवाले छह दुकानों में बीती रात आग लग गई. इस घटना में दुकानदारों को काफी क्षति हुई. उनके सामान जलकर खाक हो गये. दुकानदारों को घटना की जानकारी तब मिली, जब वे सोमवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे. उन्होंने देखा कि उनकी दुकान और सामान जल चुके हैं. इससे दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी छा गयी. जिन दुकानदारों को नुकसान हुआ है, उनमें दर्जी की दुकान चलानेवाले राजू कुमार के अलावा सब्जी विक्रेता दुकान चंचला गोराई, तपन, दुलारी गोराई, साइकिल मरम्मत करनेवाले अजय साहू और एक अन्य दुकानदार शामिल हैं.
जब इन दुकानदारों ने स्थानीय लोगों से घटना के बारे में पूछा तो पता चला कि रात के करीब डेढ़ से दो बजे के बीच आग लगी थी. हालांकि आग कैसे लगी, इसे लेकर कोई पुख्ता तौर पर कुछ बताने की स्थिति में नहीं था. माना जा रहा है कि किसी ने जलती हुई सिगरेट फेंक दी होगी या आग लगने की कोई अन्य वजह होगी. इधर दुकानदारों का कहना है कि मानगो नगर निगम ने सभी दुकानदारों का वेंडर कार्ड बनवाकर दिया है. उनसे हर दिन महसूल भी वसूला जाता है. बावजूद इसके देर तक निगम का कोई पदाधिकारी उनका हाल जानने नहीं आया. इससे दुकानदारों में ज्यादा निराशा देखी गई. इस बीच भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने दुकानदारों से घटना की जानकारी लेने के बाद उन्हें मदद का भरोसा दिलाया है.
इसे भी पढ़ें – BREAKING : नकली पिस्तौल चमकाकर धौंस जमा रहा था कोर्ट हाजत से फरार अमनलाल, चढ़ा पुलिस के हत्थे




