JharkhandKhuntiLohardagaNEWSRanchiTOP SLIDER

रामनवमी के जुलूस के रास्ते में पड़ने वाले मकानों के छतों पर ईंट, पत्थर, शीशी रखने पर मकान मालिक के खिलाफ होगा लीगल एक्शन

Ranchi: रविवार (10 अप्रैल) को रामनवमी है. इस दिन राज्यभर में अलग-अलग जिलों में इसके लिए भव्य आयोजन होंगे. अलग-अलग संगठनों द्वारा जुलूस भी निकाले जाएंगे. जुलूस कार्यक्रम शांतिपूर्वक हो, इसके लिए जिलों में स्थानीय प्रशासन के स्तर से तैयारियां जारी हैं. लोहरदगा जिला प्रशासन ने इस संबंध में मकान मालिकों के लिए जरूरी सूचना जारी की है. कहा है कि रामनवमी के जुलूस में पड़ने वाले मकान के छत पर किसी प्रकार के ईंट के टूकड़े, पत्थर, रोड़ा, शीशी, बोतल, ज्वलनशील पदार्थ आदि इकट्ठे करके ना रखे जाएं. इसे मकान मालिक सुनिश्चित करेंगे. प्रशासन इसकी जांच कर सकता है. अगर इस दौरान ईंट के टुकड़े, पत्थर, रोडा, बोतल और अन्य ऐसी चीजें मिलती हैं तो मकान मालिक के खिलाफ लीगल एक्शन लिया जा सकता है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी ने कानूनी कार्रवाई की स्थिति में पूरी तरह से संबंधित मकान मालिक को  जिम्मेवार होने की बात कही है.

बवाल की आशंका

पिछले दिनों खूंटी में मंगलवारी जुलूस कार्यक्रम में पत्थरबाजी की घटना हुई थी. इसमें जुलूस पर अलग-अलग मकानों से पत्थर, बोतल फेंके जाने की शिकायत आयी थी. इस घटना के बाद खूंटी में तनाव फैला हुआ है. स्थानीय लोगों ने तो विरोध में रामनवमी का जुलूस ना निकालने की धमकी तक दे दी थी. हालांकि अब केंद्रीय मंत्री और सांसद अर्जुन मुंडा की पहल पर वहां रामनवमी मनायी जायेगी. माना जा रहा है कि इस घटना से सबक लेते लोहरदगा जिला प्रशासन ने मकान की छतों पर ईंट, पत्थर रखने से मना करने का आदेश जारी किया है.

इसे भी पढ़ें:खूंटी: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के आश्वासन के बाद रामनवमी महोत्सव को धूमधाम से मनाने का निर्णय

Related Articles

Back to top button