
Palamu/Latehar: पलामू प्रमंडल के लातेहार व्यवहार न्यायालय परिसर में सोमवार को टाना भगतों के द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शन की घटना में सदर थाना पुलिस ने 228 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. साथ ही 30 टाना भगतों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है. इस मामले में अंचल अधिकारी लातेहार के आवेदन के आधार पर लातेहार थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें सरकारी संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 दर्ज कर कुल 228 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी बनाया गया है. इस दौरान कुल 22 मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है.
इसे भी पढ़ें: टाना भगतों के लातेहार व्यवहार न्यायालय का घेराव करते हुए जमकर बवाल किए जाने के मामले में हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
लातेहार पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि 10 अक्टूबर को करीब 400 से 500 की संख्या में ग्रामीण हरवे हथियार से लैस होकर व्यवहार न्यायालय लातेहार आ पहुंचे. जिन्हें प्रशासन के द्वारा रोकने और समझाने का प्रयास किया गया. लेकिन इनके द्वारा पुलिस के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए जिला न्यायाधीश के कार्यालय का मुख्य दरवाजा को तोड़ा गया. साथ ही व्यवहार न्यायालय के मुख्य द्वार में लगे डीएमएफडी को भी तोड़ा गया, जिससे विधि व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी.
गिरफ्तार टाना भगतों में बालूमाथ के बालू निवासी झामो टाना भगत, कैमा निवासी लालमणि टाना भगत, तुबेद निवासी हिरना देवी,तुबेद निवासी महोदरी मसोमात, तुबेद निवासी झामो देवी, बालेश्वर उरांव, मुनवा उरांव, रामओतार उरांव, भागीरथी उरांव, कैमा निवासी बाहदुर टानाभगत, दिनेश टाना भगत, मासियातु निवासी बालचंद टाना भगत, कुडू के सकमार निवासी जीतू टाना भगत, कुलगड़ा निवासी सुखदेव भगत, चंदवा निवासी मणीलाल भगत, विश्रामपुर निवासी राजेंद्र टाना भगत, जगलदगा निवासी छोटेलाल उरांव, नंदलाल उरांव, विश्वनाथ उरांव, झोबियाझारण निवासी धर्मदेव भगत, बालूमाथ दाढा निवासी भुनेश्वर टाना भगत, लावागड़ा निवासी सुशील भगत, रजवार निवासी सूबे उरांव, जगलदग्गा निवासी प्रकाश उरांव, गुमला जिले के सकरपुर निवासी अजित मिंज, करमाही निवासी लाल सहाय भगत, बनहल्दी निवासी राजेंद्र टाना भगत, बालूमाथ चित्रपुर निवासी विष्णु देव भगत, गुमला नावडीह निवासी धनेश्वर टोप्पो, अम्बाझारन मनोज मिंज शामिल हैं.
हिंसक प्रदर्शन में थानेदार समेत 22 जख्मी
व्यवहार न्यायालय लातेहार में टाना भगतों के द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शन में लातेहार थाना के 19 पुलिस पदाधिकारी एवं तीन प्रशासनिक पदाधिकारी घायल हो गए हैं. घायलों में लातेहार पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक सह सीसीआर प्रभारी बबलू कुमार, आरक्षी सीसीआर लातेहार दिनेश कुमार, पुलिस लाइन के सहायक अवर निरीक्षक बलराम चौधरी, पुलिस लाइन के सहायक अवर निरीक्षक मनदीप तिवारी, एसपीसी प्रशिक्षु जैप 01 आरक्षी एवं परिवहन कार्यालय के कर्मी शामिल हैं.




