Court NewsNEWSRanchi

लैंड स्कैम : जमीन कारोबारी अफसर अली की जमानत याचिका पर हाई कोर्ट ने ईडी से मांगा जवाब, सुनवाई 15 मार्च को

Ranchi: बरियातू स्थित सेना की भूमि की खरीद बिक्री घोटाले मामले में आरोपी अफसर अली की जमानत याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई. मामले में कोर्ट ने ईडी को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने अफसर अली की गिरफ्तारी में अपनाई गई प्रक्रिया के संबंध में ईडी से जानकारी मांगी है. मामले की अगली सुनवाई 15 मार्च को होगी. हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की कोर्ट ने मामले की सुनवाई की.

प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता निलेश कुमार ने पैरवी की. उनकी ओर से कोर्ट को बताया गया था कि अफसर अली के खिलाफ मामले में आरोप पत्र दाखिल हो गया है और जांच पूरी हो गई है. वह बीते साल 14 अप्रैल से न्यायिक हिरासत में जेल में है, इसे देखते हुए उन्हें जमानत प्रदान की जाए. दरअसल, ईडी कोर्ट ने अफसर अली की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद उनकी ओर से हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दाखिल की गई है .

बता दें कि बरियातू स्थित 4.55 एकड़ सेना के कब्जे वाली जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में ईडी ने रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, कारोबारी विष्णु अग्रवाल, बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, फर्जी रैयत प्रदीप बागची, जमीन कारोबारी अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान, फैयाज खान व मोहम्मद सद्दाम,अमित अग्रवाल और दिलीप घोष के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया है.

Related Articles

Back to top button