
Ranchi: दो साल बाद भी चाईबासा फोरलेन बाईपास रोड का निर्माण प्रारंभ नहीं हो पाया. योजना की मंजूरी के बाद भी इस बाईपास रोड बनाने के लिए पूरी जमीन उपलब्ध नहीं हो पायी है, सबसे दिलचस्प बात यह है कि करीब 450 प्लॉट का लैंड रिकार्ड ही गायब है जिस वजह से जमीन का अधिग्रहण नहीं हो पा रहा है. अंचल कार्यालय व भू-अर्जन विभाग इस दिशा में आगे नहीं बढ़ पाया है. चाइबासा फोरलेन बाईपास बनाने के लिए करीब 80 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है. इसके लिए 16 गांवों की जमीन ली जानी है. मिली जानकारी के अनुसार 35 हेकटेयर की 450 प्लॉट में अभी भी 3ए नोटिफिकेशन नहीं हुआ है.
वहीं 41 हेक्टेयर की 670 प्लॉट कर 3 जी होना बाकी है. वहीं, 450 प्लॉट का लैंड रिकार्ड गायब है. मिली जानकारी के अनुसार इसकी सूचना सरकार को भी दी गयी है. बता दें कि एनएच 75ई में चाइबासा में चार लेन बाइपास निर्माण की मंजूरी 25 मार्च 2023 को ही दी गयी थी. पशचिम सिंहभूम के इस इलाके में करीब 18.05 किमी रोड का काम 565.65 करोड़ की लागत से किया जाना है, जिसमें बड़ी राशि भू-अर्जन में खर्च की जानी है. लेकिन जमीन अधिग्रहण व वन भूमि क्लीयरेंस नहीं मिलने की वजह से इस सड़क के लिए बिडिंग प्रोसेस भी लटका हुआ है.




