
Kolkata: कोलकाता के प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय में सोमवार शाम से आंदोलन पर बैठे छात्रों ने विश्वविद्यालय की कुलपति अनुराधा लोहिया को रात भर घेरे रखा.
मंगलवार सुबह के समय जब छात्र उनके कमरे के बाहर धरना देते हुए सो रहे थे, तब कुलपति निकल कर घर चली गयीं. सोमवार शाम कुलपति जब अपने कमरे में थीं तब छात्र-छात्राओं ने बाहर बैठ कर प्रदर्शन और आंदोलन शुरू कर दिया जो रात भर चलता रहा.
कुलपति अपने कमरे में ही सारी रात बैठी रहीं. छात्रों की मांग है कि हिन्दू हॉस्टल के जिन पुराने कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, उन्हें काम पर वापस लिया जाये.
इसे भी पढ़ें – आठ फरवरी के बाद झारखंड बीजेपी को मिलेगा नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष, नाम लगभग तय
कई माेंगे हैं छात्रों की
सरस्वती पूजा वाले दिन 29 जनवरी को विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं को प्रवेश नहीं करने देने को लेकर लिखित तौर पर माफी मांगी जाये और हॉस्टल के सहायक अधीक्षक वाईएस बाबू के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामलों की गहन जांच कर कार्रवाई हो.
छात्रों का कहना है कि मरम्मत के लिए हिन्दू हॉस्टल को लंबे समय तक बंद रखा गया था. अब भी फ्लोर नंबर 3, 4 और 5 बंद है. इसे तत्काल खोल कर छात्रों को दिया जाये. हिन्दू हॉस्टल में मेस स्टाफ की संख्या बढ़ाने की भी मांग छात्र कर रहे हैं.
हॉस्टल में वेलफेयर कमेटी गठित करने और बिना नोटिस हॉस्टल स्टाफ की छटनी करने को लेकर भी जवाब देने को कहा जा रहा है. जब तक विश्वविद्यालय की कुलपति इस बारे में स्पष्ट तौर पर जवाब नहीं देंगी तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें – #CAA_NRC: देश के गद्दारों को गोली मारो… के नारे लगाती हुई भीड़ पहुंच गयी जामिया के गेट तक



