
Koderma:जिले के तिलैया डैम ओपी अंतर्गत बड़की धमराय में शनिवार देर शाम डीजे लदे पिकअप वाहन के अनियंत्रित होने से तीन युवकों की मौत हो गयी. घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हुई जबकि एक युवक की इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत हो गयी. बताया जाता है कि कांको के कुछ युवक पिकअप वाहन में डीजे बजाकर पिकनिक मनाकर तिलैया डैम से अपने घर कांको जा रहे थे. बड़की धमराय पहुंचते ही पिकअप वाहन गड्ढे में पड़कर अनियंत्रित होकर पलट गया व वाहन में लदा जनरेटर गिर गया. घटना में जनरेटर की चपेट में आने से मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गयी. मृतको की पहचान विजय यादव (21, पिता बासुदेव यादव) और रंजन यादव (20, पिता स्वार्थ यादव) दोनों ग्राम कांको के रूप में हुई है. मौके पर मौजूद ग्रामीण आनन फानन में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए. सदर अस्पताल ले जाने के दौरान एक और युवक कुरमीडीह निवासी प्रेम कुमार यादव (17, पिता केदार यादव) की मौत हो गयी. वहीं वाहन चालक कांको निवासी कौशल साव (20, पिता ईश्वर साव) घायल है. पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहुंचकर तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इधर घटना के बाद गांव में नए साल का उत्साह मातम में बदल गया है.

बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत
नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्छेडीह गांव स्थित कदमा आहार में नहाने के दौरान तालाब में डूबने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. तालाब में डूबे व्यक्ति की पहचान भुनेश्वर सिंह (70, पिता स्व गन्दोरी सिंह) बच्छेडीह गांव निवासी के रूप में बताया गया. भुनेश्वर सिंह नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया वही उस दौरान गांव के कुछ बच्चे तालाब के बगल खेल रहे थे उसको डूबते देख हो हल्ला करने लगे. जबतक कोई बचाने पहुंचते तब तक वह गहरे पानी में डूब चूका था. स्थानीय ग्रामीणों ने जाल लगाकर अपने प्रयास से उसे निकलने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिला. उक्त व्यक्ति के शव को तालाब से 16 घन्टा के बाद निकला जा सका. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंचम तिग्गा, एसआई रंजीत कुमार, समाजसेवी किशोर यादव, कमलेश ठाकुर, पूर्व मुखिया अर्जुन साहू, बबुन मोदी, बीरेंद्र यादव,अरुण यादव समेत अन्य लोग घटनास्थल पर मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा: पुलिस पोस्ट बीट का एसपी ने किया उद्घाटन, सीसीटीवी से की जाएगी निगरानी




