
Koderma: जिला परिषद के चेयरमैन के लिए हुए चुनाव में राम ने लक्ष्मण को पराजित कर दिया. राजद जिलाध्यक्ष रामधन यादव गुरुवार को जिला परिषद के नए अध्यक्ष चुन लिए गए. उन्हें 9 मत मिले जबकि एक अन्य उम्मीदवार लक्ष्मण यादव को महज 3 वोट मिले जो भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में थे. वहीं उपाध्यक्ष के रूप में निर्मला देवी पुनः निर्वाचित हुईं. समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में जिला परिषद सदस्य के रूप में निर्वाचित 12 सदस्यों के शपथ के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई. जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए रामधन यादव तथा लक्ष्मण यादव उम्मीदवार थे. मतदान में रामधन यादव को 9 तथा लक्ष्मण यादव को 3 मत प्राप्त हुए.

वहीं जिप उपाध्यक्ष पद के लिये निर्मला देवी को भी 9 मत एवं नीतू कुमारी को 3 मत प्राप्त हुए और निर्मला देवी जिप उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने कोडरमा जिले के नव निर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव व उपाध्यक्ष निर्मला देवी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया.
साथ ही पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाया गया. मौके पर निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी भागीरथ प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पारस यादव व अन्य मौजूद रहे.
अंत समय तक होता रहा भाजपा का प्रयास
कोडरमा जिले में 12 जिप सदस्यों में सतगावां से नीतू कुमारी, डोमचांच से शांति प्रिया, कोडरमा से लक्ष्मण यादव, चंदवारा से नीतू यादव, जयनगर से प्रीति कुमारी, जयनगर से केदारनाथ यादव, मरकच्चो से गुड़िया यादव भाजपा पृष्ठभूमि से, डोमचांच से रामधन यादव राजद से, कोडरमा से महेंद्र प्रसाद यादव, जयनगर से निर्मला देवी, मरकच्चो से रीता देवी आजसू से जबकि चंदवारा से महादेव राम भाकपा पृष्ठभूमि से आते हैं. चर्चा है कि इनमें नीतू कुमारी और गुड़िया यादव और स्वयं अपना वोट लक्ष्मण यादव को मिला, शेष सभी के वोट रामधन यादव को मिले.
कोडरमा सांसद और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा विधायक नीरा यादव भाजपा के समर्थन के तौर पर लक्ष्मण यादव को जिला परिषद अध्यक्ष बनाने के प्रयास में थी, पर इन्हें सफलता नहीं मिल सकी.
वहीं राजद नेता सुभाष यादव भी इसपर निगाह रखे हुए थे, जिन्होंने रामधन यादव के जिप अध्यक्ष बनने के बाद पटना से कोडरमा पहुंचकर उन्हें बधाई दी.
इसे भी पढें:अग्निवीर नहीं फौजी बनकर देश की सेवा करना चाहता है युवा, बिहार के कई जिलों में ‘अग्निपथ’ पर भारतीय रेल




