
Girish Malviya
भोपाल में 16 अप्रैल तक कोरोना मरीजों की संख्या 158 थी. जिसमें 85 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी थे. तो क्या हमें यह कहना चाहिए कि स्वास्थ्य विभाग की सचिव आइएएस अधिकारी पल्लवी जैन के संक्रमित होने के बाद से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में संक्रमण फैला ?
नहीं !
क्या हमें इसे किसी धर्म, जाति या समाज से जोड़ना चाहिए ?
बिल्कुल नहीं !
इसे भी पढ़ेंःकोरोना संकट के बीच RBI ने बैंकों दी राहतः रिवर्स रेपो रेट .25% घटाया गया,1.9% GDP रहने का अनुमान
हमें ऐसा बिल्कुल भी नहीं कहना चाहिए. क्योंकि वायरस के संक्रमण के लिए दोषी बताने की परंपरा जो देश में चल निकली है, वह बेहद खतरनाक है. यूएन अपने दिशा-निर्देशों में साफ-साफ कहता है कि ‘ऐसे संबोधन न करें कि वो “कोविड-19 संचारित कर रहे हैं” या “दूसरों को संक्रमित कर रहे हैं” या “वायरस फैला रहे हैं”. क्योंकि इससे लगता है कि जानबूझकर संक्रमण फैलाया जा रहा है और व्यक्ति पर दोष मढ़ा जाता प्रतीत होता है’.
लेकिन हमारे नेता, टीवी चैनल, अखबार, न्यूज पोर्टल इन निर्देशों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं. जब से कोरोना की आमद भारत में हुई है. मीडिया बहुत ही घृणित तरीके से ब्लेम गेम खेल रही है.
उसका परिणाम कितना भयानक है. यह हम बिल्कुल भी नहीं सोच रहे हैं. कम से कम दस लोग सिर्फ कोरोना के संदिग्ध मान लिए जाने पर आत्महत्या कर चुके हैं. जिनमें हिन्दू भी हैं, मुसलमान भी. कोरोना से ठीक हुए व्यक्ति भी सामाजिक बहिष्कार किये जाने से अपना घर बेचने को मजबूर हो रहे हैं.
आज ही एक मित्र की फेसबुक वॉल से जानकारी मिली कि क्वारंटाइन सेंटर से भागे पंजाब से लाए गए एक 21-22 साल के युवा ने अपनी पत्नी समेत आत्महत्या कर ली.
मीडिया और नेता समझ ही नहीं पा रहे हैं कि उन्होंने क्या अजाब खड़ा कर दिया है. उन्होंने बार-बार सिर्फ एक समुदाय को टारगेट करने के चक्कर में देश में ऐसा माहौल बना दिया है कि पड़ोसी-पड़ोसी का दुश्मन हो गया है.
इसे भी पढ़ेंःराज्य में #LockDown उल्लंघन के 775 मामले, 3213 आरोपी, 1473 गिरफ्तार
WHO कहता है कि हमें कोविड-19 के मरीजों को नस्लीय, जातीय और धार्मिक आधार पर वर्गीकृत नहीं करना चाहिए.” लेकिन उसके बावजूद देश का स्वास्थ्य विभाग जमातियों से जुड़े कोरोना के केस को अलग से पेश करता है.
तबलीगी जमात भारत के सभी मुसलमानों का प्रतिनिधित्व नहीं करती. लेकिन जान बूझकर बार-बार जमाती-जमाती का नाम लेकर ये मीडिया, नेता और यहां तक कि सरकार भी एक समुदाय को टारगेट कर रही है. कई चैनल इसे ‘कोरोना जिहाद’ कह रहे हैं. वे लगातार झूठी खबरें और वीडियो दिखा रहे हैं और कभी-कभी माफी मांगने का नाटक कर रहे हैं.
तबलीगी जमात ने बहुत गलत काम किया है. जो स्वास्थ्य कर्मियों पर पत्थर फेंक रहे हैं, वे भी बहुत गलत काम कर रहे हैं. इसका कोई बचाव नहीं कर रहा है. लेकिन जिस तरह से कोरोना को लेकर मीडिया और कतिपय नेता व्यवहार कर रहे हैं. उससे तो देश में सद्भाव की, भाईचारे की भावना ही खत्म हो जाएगी. यह बहुत गलत हो रहा है. अब कैसे भी कर के इसे रोक देना चाहिए.
डिसक्लेमरः यह लेखक के निजी विचार हैं.
इसे भी पढ़ेंः#corona पॉजिटिव का आंकड़ा देश में 13000 के पार, पिछले 24 घंटे में सामने आये 1007 केस, 23 की मौत




