
Khunti : खूंटी के डहुगुटू मिश्रा टोली निवासी 35 वर्षीय शशि गोप का शव रविवार को साहू तालाब के समीप एक कुएं में मिला. शशि तीन दिनों से घर से लापता था. स्वजनों के अनुसार वह गत गुरुवार की रात घर से बाहर कहीं गया था. फिर घर वापस नहीं लौटा.
इसे भी पढ़ें :ये बंदर है गजब का समझदार, हरकतें देख रह जायेंगे दंग, देखें 10 लाख बार से अधिक देखा गया वीडियो
रविवार की सुबह उक्त कुएं में पड़ोस का एक युवक नहाने के लिए गया था. कुएं से पानी निकालने के दौरान उसकी नजर कुएं में तैरते शव पर पड़ी. तब लोगों को इसकी जानकारी हुई. बाद में इसकी सूचना खूंटी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.
शव पर किसी प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं है. तीन दिनों तक पानी में डूबे रहने के कारण शव सूज गया है. शशि गोप शहर के एक मार्बल दुकान का मालवाहक ऑटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था. उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. पड़ोसियों के अनुसार वह अत्यधिक नशा का सेवन करता था. इसलिए आशंका व्यक्त की जा रही है कि नशे की हालत में कुएं में गिरकर डूबने से उसकी मौत हुई होगी. बहरहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें :बेटी प्रेमी संग हुई फरार, गुस्साये पिता ने युवक के परिवार के 4 लोगों को गोलियों से उड़ाया




