
Khunti: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के हेटगोवा गांव में तीन लोगों की हत्या के पीछे उग्रवादियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही थी. लेकिन पीएलएफआइ ने इससे इनकार किया है.
पीएलएफआइ उग्रवादी संगठन के केंद्रीय कमेटी के सदस्य मार्टिन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है, कि भाजपा नेता, उनकी पत्नी और बेटे की निर्मम हत्या हुई है.

उसमें संगठन का कोई हाथ नहीं है. संगठन को बदनाम किया जा रहा है. संगठन जिस घटना को अंजाम देता है, उसका जिम्मा लेता है. इस घटना की जांच किया जाये.
गौरतलब है कि भाजपा नेता मागो मुंडू, उनकी पत्नी व बेटे को सोमवार की रात घर से बाहर निकालकर गोली मारी गयी थी.
किसने दिया घटना को अंजाम?
पीएलएफआइ उग्रवादी संगठन के द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार करने के बाद सवाल उठ रहा है, कि आखिर किसने तीन लोगों की हत्या की और क्यों.
इसके पीछे किसका हाथ है. तीनों लोगों की हत्या किस वजह से की गई, इसका भी कोई सुराग नहीं है. फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है और मामले की छानबीन भी कर रही है.
कम उम्र के वर्दीधारी थे हमलावर
मुरहू थाना क्षेत्र के हेटगोवा गांव के रहने वाले मागो मुंडू भाजपा के एसटी मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता थे. उनकी बेटी राधा मुंडू कुदा पंचायत की मुखिया हैं.
इसे भी पढ़ेंःचतरा में टीपीसी के कमजोर होते ही भाकपा माओवादी सक्रिय, लेवी वसूलकर संगठन हो रहा मजबूत
जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे कुछ वर्दीधारी युवक आये और मागो मुंडू, पत्नी लखमनी मुंडू तथा बेटे लिपराय मुंडू को घर से बाहर निकालकर गोली मार दी.
मागो मुंडू और लिपराय मुंडू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि लखमनी मुंडू ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया. गोलियों की आवाज सुन बाहर निकली नौरी मुंडू को भी अपराधियों ने पीठ में गोली मार दी.
बताया जा रहा है कि हमलावर कम उम्र के थे. लेकिन ये कौन थे? इसकी पहचान नहीं हो पायी है. घरवालों और स्थानीय लोगों ने भी किस की पहचान नहीं बतायी है.
मागो मुंडा भाजपा नेता होने के साथ सामाजिक कार्यों से जुड़े थे. घटनास्थल और आसपास का इलाका पीएलएफआइ प्रभावित है. ऐसे में परिजनों ने आशंका जताई थी कि उग्रवादियों ने पुलिस मुखबिरी के संदेह में उनकी हत्या की होगी. लेकिन उग्रवादी संगठन के इनकार करने से मामला उलझ गया है.
इसे भी पढ़ेंःखूंटी : BJP नेता समेत तीन की हत्या मामले में पुलिस के हाथ खाली




