
Ranchi: सरायकेला जिले में यास तूफान का असर दिखना शुरू हो गया है. बीती रात से ही जारी रिमझिम बारिश आज सुबह होने के साथ ही तेज हो गई. साथ ही साथ हवाओं की गति भी तेज हो रही है. हर वक्त गुजरने के साथ बारिश और हवा की रफ्तार बढ़ती जा रही है.
उधर ओड़िशा के बैंगविल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण खरकई नदी में उफान आ गया है और नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. हालांकि अभी भी नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है. यास चक्रवाती तूफान का केंद्र सरायकेला में होने के कारण जिले में इसका विशेष प्रभाव दिख रहा है.
इसे भी पढ़ें: PHD डिग्री विवादः दुमका आइजी ने प्रताप यूनिवर्सिटी से मांगे गोड्डा सांसद की डिग्री से जुड़े रिकॉर्ड
बुरी स्थिति में प्रशासन ने भी राहत और बचाव को लेकर सारे इंतजाम कर लिए हैं. साथ ही लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. जिले के सभी प्रखंड तथा थाना स्तर पर गरीब लोगों के रहने तथा खाने पीने की व्यवस्था हेतु कई स्कूलों को आश्रय केंद्र के रूप में बनाया गया है.
जहां प्रशासन द्वारा सारी व्यवस्था की गई है और लोगों से संकट की स्थिति होने पर यहां आश्रय लेने की अपील की जा रही है, वहीं प्रशासन द्वारा चक्रवाती तूफान से जुड़े वर्तमान और आगामी स्थितियों के बारे में लोगों को जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है. हर आपात स्थिति से निपटने हेतु जिले में दो स्थानों पर सरायकेला तथा गम्हरिया में
एनडीआरएफ की टीम की तैनाती की गई है. साथ ही पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें विभिन्न क्षेत्रों में चौकसी कर रही है.
एसपी मोहम्मद अर्शी ने लोगों से कहा है कि इस साइक्लोन में काफी तेज गति से हवा चलेगी तथा बारिश भी खूब होगी.
इसे भी पढ़ें:कोरोना ने बढ़ायी मुश्किल, एक साल में हुए लगभग 50 हजार नये बेरोजगार
ऐसे में आपात स्थिति को छोड़कर लोग घरों से बाहर नहीं निकलें. साथ ही उन्होंने यह कहा है कि दो दिनों तक इस विशेष प्रभाव वाले चक्रवाती तूफ़ान में आज और कल के बीच साइक्लोन की गति कम होने पर लोग इसे हल्के में ना लें क्योंकि कभी भी यह साइक्लोन फिर से प्रचंड रूप ले सकता है. ऐसे में लोग प्रशासन द्वारा चक्रवात से संबंधित विधिवत जानकारी पर ही अमल करें.
वही डीसी अरवा राजकमल ने लोगों से इस साइक्लोन में धैर्य बनाए रखने तथा पैनिक नहीं होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आप घर पर सुरक्षित रहें. किसी भी आपात स्थिति के होने पर प्रशासन हर तरह की मदद के लिए तैयार है.
आपदा की स्थिति में सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के निम्नलिखित दूरभाष नंबर 7903376620 / 06597234002 / 18003456461 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है.
उधर साइक्लोन के कारण आम जनजीवन पर खासा असर दिख रहा है. सड़क पर नहीं के बराबर लोग दिख रहे हैं. वही दुकानें भी इक्का-दुक्का ही खुली है.
इसे भी पढ़ें: भारी बारिश की चेतावनी के बीच तय टीका केंद्रों पर दी जाएगी कोरोना वैक्सीन




