
Ranchi: राजधानी रांची में कोरोना काल के बाद मेला लगाने की छूट दे दी गई है. मेला भी पूरी तरह से सज गया है. ऐसे में स्टेट फूड लैब की टीम ने मेले में बिक रहे मिठाई व खाने की चीजों के सैंपल कलेक्ट किए और उसका टेस्ट किया. जिसमें खतरनाक बीमारियों को दावत देने वाले केमिकल का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई. मिठाइयों को रंगीन बनाने के लिए मेटानिल येलो का इस्तेमाल किया गया था. जिससे कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी भी हो सकती है. इसके बाद लैब के अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर एसडीओ को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दी है. वहीं मेले में दुकान लगाने वालों से केमिकल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है.
105 में से 20 सैंपल फेल
मेले में काफी संख्या में स्टॉल लगाए गए हैं. इस दौरान वहां पर 105 सैंपल कलेक्ट किया गया. जिसमें से 20 सैंपल में मेटानिल येलो पाया गया. एक अधिकारी ने बताया कि जबतक मेला चलेगा हर दिन टेस्टिंग की जाएगी. मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से जगह-जगह पर खाने के सैंपल टेस्ट किए जा रहे हैं. जिससे कि मेले में आने वाले लोगों को अच्छी क्वालिटी की खाने की चीजें मिल सके.




