
Jamshedpur: जुगसलाई के विधायक सह झारखंड विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक मंगल कालिंदी ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति को गुरुवार को एक ज्ञापन सौंपकर आगामी सत्र 2022-23 से ही बोड़ाम में डिग्री कॉलेज शुरू करने की मांग की है. उन्होंने राज्य सरकार के टीएसी सदस्य विश्वनाथ सिंह सरदार के साथ केयू , चाईबासा जाकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा.
उन्होंने कहा है कि 16 मार्च 2020 राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपकर बोड़ाम में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग रखी थी. जिसके आलोक में कोल्हान विश्वविद्यालय की एक टीम द्वारा विगत दिनों स्थल निरीक्षण के पश्चात उक्त महाविद्यालय को खोलने हेतु अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंप दी गई है. विधायक ने कहा कि उनके द्वारा स्थल निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि उक्त स्थल पर डाक बंगला भवन है. जब तक सरकार द्वारा नया महाविद्यालय भवन नहीं बनाया जाता है तब तक उक्त डाकबंगला भवन में औपबंधिक महाविद्यालय खोला जा सकता है. जमशेदपुर मुख्यालय से बोड़ाम की दूरी 28-30 किमी है। अगर बोड़ाम में महाविद्यालय खुल जाता है तो दुर्गम क्षेत्र में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राएं पढ़ सकेंगे. इसलिए उन्होंने आगामी सत्र 2022-23 से ही उक्त प्रस्तावित स्थल पर महाविद्यालय शुरू करने हेतु पहल करने का आग्रह किया है.
डाकबंगला भवन के लिए एनओसी जल्द निर्गत करने का आश्वासन
इसके अलावे विधायक ने जिले के उपायुक्त सूरज कुमार से कुलपति की दूरभाष पर बात कराते हुए उनकी ओर से डाकबंगला भवन के लिए एनओसी जल्द निर्गत करने का आश्वासन दिया गया है. जबकि कुलपति ने आगामी सिंडिकेट की बैठक में इस मामले को भेजकर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. विधायक ने बताया कि उन्होंने बोड़ाम के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का लाभ दिलाने के लिए विधायक पद की शपथ लेने के पश्चात ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बोड़ाम में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग की थी और मुख्यमंत्री ने इसपर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की. आज खुशी की बात है कि कॉलेज शुरू होने की प्रक्रिया में है. उन्होंने जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया है.
यह भी पढें-घाटशिला सूर्य मंदिर परिसर में पौधरोपण पांच फरवरी को, एनएसएस ने तैयार किए 25 गड्ढे




