
Ranchi/Jamshedpur : विपक्ष के झारखंड बंद के दौरान झामुमो के चक्रधरपुर विधायक शशिभूषण सामड ने सरकारी स्कूल के एक दिव्यांग शिक्षक को थप्पड़ जड़ दिया.
झारखंड बंद के दौरान चक्रधरपुर ब्लॉक कॉलोनी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खुला था. स्कूल में प्रार्थना हो रही थी. उसी समय विधायक शशिभूषण सामड स्कूल पहुंचे और स्कूल बंद करने को कहा. इस पर शिक्षक ने कहा कि स्कूल बंद करेंगे तो वेतन कट जायेगा. शिक्षक दिव्यांग होने की वजह से कुर्सी पर बैठकर बात कर रहा था. यह बात विधायक को नांगवार गुजरी. विधायक ने कहा कि तुम्हें प्रॉटोकॉल पता है या नहीं कि विधायक से कैसे बात किया जाता है और शिक्षक को थप्पड़ जड़ दिया. थप्पड़ पड़ने के बाद दिव्यांग शिक्षक वहीं गिर पड़े.
इसे भी पढ़ें – बंद के दौरान विपक्ष में एकता, मगर कांग्रेस में दिखी ‘अनेकता’
इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस स्कूल पहुंची और शिक्षक से लिखित बयान लिया. जानकारी के अनुसार इस मामले में विधायक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर लिया गया है.
जमशेदपुर में बंद असरदार, डिमना में ऑटो चालक पर फेंका पत्थर
बंद के दौरान जमशेदपुर के साकची, गोलमुरी, बिष्टुपुर, करणडीह, परसुडीह का जनजीवन प्रभावित रहा. यहां की दुकानें बंद रहीं और सड़कें सुनसान दिखीं. विपक्षी दलों के नेता चौक-चौराहों में खुली दुकानों को बंद कराते नजर आये. डिमना रोड में एक ऑटो चालक पर पत्थर फेंके जाने की घटना से दहशत है. पूर्वी सिंहभूम से अभी तक 1700 से अधिक बंद समर्थक गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
घाटशिला में कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू को बंद के दौरान अपने समर्थकों के साथ रैली निकालने और दुकाने बंद कराने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया गया. स्कूल व कॉलेज बंद रहे. सरकारी प्रतिष्ठान नहीं खुले. सुबह दस बजे तक हाइवे पर सन्नाटा पसरा रहा.
इसे भी पढ़ें – विपक्ष के कई नेता घर बैठे पत्रकारों से बंद का लेते रहे जायजा
चांडिल में बंद का व्यापक असर
चांडिल अनुमंडल में बंद का असर दिखा. बंद समर्थकों ने बाजारों को घूम-घूम कर बंद कराया और अपनी गिरफ्तारी दी. सरायकेला में कोई भी बंद समर्थक बंद कराने नहीं आया. छिटपुट दुकानें खुली रहीं. अन्य स्वत: बंद हो गये. बंद के दौरान आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियां बंद रही. कांड्रा में 118 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया गया. सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा. गुवा में बंद का व्यापक प्रभाव देखा गया. बंदी के दौरान झामुमो के दर्जनों कार्यकर्ता सड़क पर दिखे. चाईबासा में स्कूलों पर भी बंद का असर रहा. नोवामुंडी थाने में झामुमो के पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने अपने चार समर्थकों के साथ गिरफ्तारी दी. बंद समर्थकों ने बड़ाजामदा बालाजी प्लांट से डिस्पैच रोक दिया.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं




