Jharkhand Vidhansabha Election

#JharkhandElection: 47.85 लाख वोटर्स करेंगे 15 सीटों के 198 पुरुष, 22 महिला और 1 थर्ड जेंडर प्रत्याशी के भाग्य का फैसला

Ranchi : झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान सोमवार को होगा. चौथे चरण में 4 जिलों के 15 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग होगी, जहां राज्य के 47 लाख 85 हजार 09 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 25,40,794, महिला मतदाताओं की संख्या 22,44,134 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 81 है. इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 95,795 फर्स्ट टाइम वोटर भी वोट करेंगे.

इन 15 विधानसभा में कुल 221 अभ्यर्थियों के भाग्य का फैसला होना है. 211 में से 198 पुरुष, 22 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर के प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि 15 विधानसभा सीटों में मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 6101 मतदान केंद्र बनाये गये हैं जिसमें से 2122 बूथों पर वेबकास्टिंग की जायेगी.

पंद्रह में से पांच विधानसभा सीटें बगोदर, गिरिडीह, जमुआ, टंडवा और सिंदरी में सुबह 7 बजे से 3 बजे तक मतदान संपन्न होगा, वहीं अन्य दस विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से 5 बजे तक मतदान कराये जायेंगे.

चौथे चरण में कुल 9902 बैलेट यूनिट, 4628 कंट्रोल यूनिट और 3931 वीवीपैट से चुनाव कराये जायेंगे. इस चरण में एक भी मतदान केंद्र को रिलोकेट नहीं किया गया है.

इसे भी पढ़ें : बिजली उत्पादक कंपनियां बेहाल, वितरक कंपनियों पर बकाया 48 प्रतिशत बढ़कर 81 हजार करोड़ पहुंचा

6101 में से सिर्फ 1898 मतदान केंद्र ही समान्य, 183 मॉडल और 70 महिला मतदान केंद्र

मुख्य निर्वाचान पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि जिन 6101 मतदान केंद्रों में मतदान होने हैं उनमें से सिर्फ 1898 मतदान केंद्र ही समान्य श्रेणी के हैं.

नक्सल प्रभावित इलाकों में कुल 587 बूथ अतिसंवेदनशील और 405 बूथ संवेदनशील बताये गये हैं. वहीं गैर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 546 केंद्रों को अतिसंवेदनशील और 2265 मतदान केंद्रों को संवेदनशील बताया गया है.

मतलब नक्सल प्रभावित इलाकों से अधिक संवेदनशील बूथों की संख्या गैर नक्सलप्रभावित क्षेत्रों में है. इसके अलावा 6101 मतदान केंद्रों में से 183 मॉडल पोलिंग बूथ और 70 महिला बूथ बनाये गये हैं.

70 महिला बूथों में सिर्फ महिलाएं की चुनाव प्रक्रिया को पूरा करायेंगी. चौथे चरण में बोकारो, झरिया, देवघर और गांडेय में बूथ एप्प का प्रयोग किया जायेगा.

71 मतदान केंद्रों में हेलीकॉप्टर से पहुंचाये गये हैं मतदानकर्मी

विनय कुमार चौबे ने बताया कि नक्सलवाद के कारण कुल 75 मतदान केंद्रों में मतदान कर्मियों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया है, और लाया भी जायेगा.

उन्होंने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए कुल 134 मतदान कर्मियों को दो दिन पहले ही सुरक्षित पहुंचा दिया गया है.

इसके अलावा 531 मतदान केंद्रों में मतदान के एक दिन बाद ईवीएम जिला मुख्यालय में जमा कराये जायेंगे. मतदान के दिन के लिए उन केंद्रों के लिए तत्काल इंटरमिडियरी स्ट्रांग रुम बनाये गये हैं.

इसे भी पढ़ें : पिछले 5 सालों के मुकाबले इस वर्ष कम हुई नक्सल घटनाएं, लेकिन शहीद हुए ज्यादा जवान

दिव्यांगों के लिए 3432 वाहन और 2504 व्हील चेयर का होगा उपयोग

चौथे चरण में कुल 64318 दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनके वोट करने के लिए निवार्चन आयोग ने व्यापक इंतजाम भी किये हैं.

दिव्यांग मतदाताओं को वोट कराने के लिए कुल 4039 वोलिंटियर रखे गये हैं. दिव्यांगों को घर से लाने और पहुंचाने के लिए 3432 वाहनों का इस्तेमाल किया जायेगा.

इसके अलावा 2504 व्हील चेयर भी रखे जायेंगे. विनय कुमार चौबे ने बताया कि अभी तक चुनाव आयोग ने 15 करोड़ 71 लाख की संपत्ति जब्त की है.

चुनाव व्यय पर निगरानी की पुख्ता व्यवस्था

चौथे चऱण में जिन विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है, वहां प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गयी है.

इसके अंतर्गत देवघर जिले में 4 सहायक व्यय प्रेक्षक,16 उड़नदस्ता दल (एफएस) औऱ 12 स्टैटिक सर्विलास टीम (एसएसटी) बनायी गयी है.

गिरिडीह जिले  6 सहायक व्यय प्रेक्षक, 18 एफएस औऱ 18 एसएसटी, बोकारो जिले में 4 सहायक व्यय प्रेक्षक, 12 एफएस औऱ 13 एसएसटी औऱ धनबाद  जिले में 9 सहायक व्यय प्रेक्षक, 45 एफएस औऱ 18एसएसटी का गठन किया गया.

इस तरह चौथे चऱण के चुनाव को लेकर कुल 23 सहायक व्यय प्रेक्षक, 91 उड़नदस्ता दल औऱ 61 स्टैटिक सर्विलांस टीम गठित की गयी है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चौथे चरण में चार जिलों के 15 विधानसभा सीटों पर होनेवाले चुनाव को लेकर कुल 4025 लाइसेंसी हथियारों  के विरुद्द 2983 हथियार जमा कराए गये, जबकि 2 को इंपांडेड औऱ 292 हथियारों के लाइसेंस कैंसिल किये गये.

वहीं 1834 गैर जमानती वारंटों  का तामिला किया गया, जबकि 43 लंबित हैं.

इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: बोकारो में भगवा सागर के बीच श्वेत ज्वारभाटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button