
Ranchi : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को जारी की. प्रेसवार्ता में आठ विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों की घोषणा की गयी.
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सचिव भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि भवनाथपुर विधानसभा से रामेश्वर प्रसाद अकेला, छतरपुर विधानसभा से जनेश्वर भुइयां, सिमरिया से विनोद बिहारी पासवान, मांडू विधानसभा से महेन्द्र पाठक, बेरमो से आफताब आलम खान, डुमरी से गणेश महतो, नाला से कन्हाई माल पहाड़िया, बोरियो विधानसभा से सोनाराम मड़ैया उम्मीदवार होंगे.
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भी पार्टी का मुख्य लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना है. इसके लिए पार्टी और पार्टी समर्थक प्रयासरत हैं. उन्होंने इस चुनाव को धनबल और जन बल के बीच की लड़ाई बताते हुए जन बल की जीत की बात कही.
इसे भी पढ़ें : #EconomicSlowdown: अगले 5 महीनों में टाटा मोटर्स 30 दिन और टाटा कमिंस 15 दिन का लेगी ब्लॉक क्लोजर
पूर्ण महागठबंधन नहीं बनने के लिए जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी जिम्मेदार
भुवनेश्वर ने कहा कि राज्य में पूर्ण गठबंधन बनना था. लेकिन राज्य में पूर्ण गठबंधन नहीं बन पाने के मुख्य जिम्मेवार झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और आरजेडी हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी को परास्त करना है तो पूर्ण गठबंधन करने की जरूरत थी, लेकिन वामदलों के साथ गठबंधन के लोगों ने लोकसभा की तरह विधानसभा के चुनाव में भी छलावा किया.
जिस तरह से वामदलों को इस चुनाव में भी धोखा दिया गया है, गठबंधन को जनता सबक सिखायेगी.
इसे भी पढ़ें : फंडिंग होने के बाद भी राज्य में नहीं बांटे गये एक भी सोलर लालटेन, अब फिर दिया गया 18 हजार का ऑर्डर
वामदल 45 से 50 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
उन्होंने कहा कि वाम दलों में एकता बनाकर चुनाव 45 से 50 सीटों पर लड़ा जायेगा.
राज्य सचिव भुनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनाव में शिकस्त देने के लिए जिन सीटों पर वाम दल के उम्मीदवार नहीं होंगे वहां पर भारतीय जनता पार्टी को परास्त करने वाले उम्मीदवारों को समर्थन दिया जायेगा.
चुनावी मुद्दे के बारे में बताते हुए मेहता ने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून 2013 को लागू नहीं करना, गैरमजरूआ जमीन की रसीद को बंद कर देना, किसानों की आत्महत्या, आर्थिक तंगी से हो रही मौतें, भुखमरी से हो रही लगातार मौतें पार्टी के चुनावी मुद्दे होंगे.
अयोध्या मामले पर सांप्रदायिक सद्भावना बनाये रखें
उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया. किसी भी संप्रदाय के लोगों को फैसले का सम्मान करना चाहिये. देश में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहें, इसके लिये जरूरी है कि लोग एकता बनायें रखें. उन्होंने लोगों से शांति बनायें रखने की अपील की.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection 2014 में राष्ट्रीय पार्टियों को 45.27%, क्षेत्रीय दलों को 37.22% और निर्दलियों को मिले थे 6.69% वोट




