
Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला के बंदगांव प्रखंड के अति दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र सावनियां में आजादी के बाद भी मूलभूत सुविधा से ग्रामीण कोसों दूर हैं. इसी मामले को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने नदी में पुल निर्माण करने को लेकर चतमा गांव में ग्राम मुंडा भरमी मुंडा की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में ग्राम मुंडा भरमी मुंडा तथा ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए कहा कि आज तक झारखंड राज्य अलग होने के बावजूद इस गांव का विकास नहीं हो पाया है. चतमा गांव जैसे दर्जनों गांव के लोग आज भी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं. उन्होंने कहा सावनियां नदी में पुल नहीं बनने के कारण 10 गांव के लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतें होती है. बरसात के दिनों में यह 10 गांव प्रखंड मुख्यालय से कट जाता है. गांव में कोई बीमार पड़ता है तो उसे खटिया में लाद कर उसे नदी पार कराया जाता है. जिसमें जान माल के डर के साथ ग्रामीणों को काफी दिक्कतें होती है. स्कूली बच्चों को भी स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. कई बार दुर्घटना भी नदी में घट चुकी है. इसके साथ ही गांव की सड़क की स्थिति भी काफी दयनीय है. सावनियां से चतमा होते हुए लगुरा तक 5 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण होनी चाहिए.
ग्रामीणों ने कहा अगर नदी में पुल और सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो 10 गांव के ग्रामीण विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे. उन्होंने कहा आज तक इस गांव में कोई भी पदाधिकारी,विधायक तथा सांसद एवं जनप्रतिनिधि नहीं आता है. जिस कारण क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा पुल एवं सड़क के लिए यहां के ग्रामीण अब आर पार की लड़ाई लड़ेंगे. ग्रामीणों की सारी समस्या सुनने के पश्चात समाजसेवी डॉ विजय सिंह गागराई ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि विधानसभा चुनाव के पूर्व ही यहां पुल व सड़क बनने की दिशा में कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा पुल एवं सड़क के लिए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन एवं डीसी से मुलाकात कर मांग की जाएगी कि यहां पुल एवं सड़क का निर्माण कराया जाए. उन्होंने कहा यहां समस्या तो बहुत है. मगर पुल सड़क बन जाने से अन्य समस्याओं का भी समाधान हो सकता है. उन्होंने ग्रामीणों से कहा की समस्या को लिखित रूप से दें जिससे उन समस्याओं को दूर करने का प्रयास की जाएगी. पुल बनने से सावनियां, बुरूडीह, अंगरिया, चतमा, पिंगू ,लागूरा ,मदड़ीह, कोचा, दूध कुंडी, लोवाहातू के गांव के लोगों को लाभ मिलेगा.




