
Ranchi: आजसू विधायक लंबोदर महतो ने अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से सरकार से राज्य में कई संवैधानिक आयोग और न्यायाधिकरण में अध्यक्ष और सदस्यों के रिक्त पदों पर नियुक्ति का मामला उठाया था. जिसमें सरकार की तरफ से यह जवाब दिया गया कि अभी यह मामला सरकार के पास विचाराधीन है.
झारखंड राज्य विधि आयोग
झारखंड राज्य विधि आयोग में 31 अक्टूबर 2014 के बाद से अध्यक्ष का पद रिक्त है. सरकार की तरफ से कहा गया है कि वर्तमान में झारखंड राज्य विधि आयोग में अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति संबंधी मामला राज्य सरकार के पास विचाराधीन है.
झारखंड राज्य सूचना आयोग एवम लोकायुक्त
सरकार ने अपने जवाब में कहा है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग एवम लोकायुक्त के संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार विज्ञापन संख्या 01/2020 के माध्यम से राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयोग के एकल पद तथा 5 सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए क्रमशः 63 एवम 354 आवेदन प्राप्त हुआ है. मुख्य सूचना आयुक्त एवम सूचना आयुक्त की नियुक्ति को लेकर करवाई प्रक्रियाधीन है. वहीं लोकायुक्त का पद 29 जून 2021 से खाली है. महिला आयोग एवम बाल अधिकार संरक्षण आयोग के मामले में भी यही स्थिति है. इन दोनों के मामले में यही कहा गया है कि अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति को लेकर बहुत जल्द बैठक की जाएगी.




