
Patna: बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम पर जमकर निशाना साधा. महागठबंधन छोड़ने को लेकर नीतीश कुमार द्वारा दिए बयान पर उन्होंने कटु हमला किया. यादव ने ट्वीट किया, ‘ भारतीय राजनीति में कोई भी नीतीश कुमार जी के मानकों से मेल नहीं खाता है. वह न केवल राजनीति, नैतिक या सामाजिक रूप से निंदनीय हैं, बल्कि नैतिक भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह हैं. आप उन्हें कभी अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए नहीं पाएंगे. वह अपनी गलतियों के लिए साझेदारों के साथ-साथ विरोधियों पर दोष मढ़ते हैं.’
जेडीयू बीजेपी का उन्नत संस्करण
राजद प्रमुख लालू प्रसाद के छोटे बेटे यादव ने कुमार को उनके इस दावे के लिए भी निशाने पर लिया, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रशांत किशोर को जदयू में शामिल करने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उनसे दो बार कहा था.
यादव ने पहले किए एक ट्वीट में कहा, ‘‘ अंत: नीतीश कुमार मानते हैं कि जदयू भाजपा का उन्नत संस्करण है. वह संगठन में अपना पद छोड़कर सारे अहम पद अमित शाह द्वारा चुने हुए लोगों को दे रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘ उम्मीद है कि अब आप समझेंगे कि बिहार में क्यों भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या करना और राज्य प्रायोजित अपराध आम हो गए है.’
उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात पटना में एक निजी समाचार चैनल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांधी पर आरोप लगाया कि जब तेजस्वी यादव के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से उनकी राज्य सरकार जूझ रही थी, तब कांग्रेस अध्यक्ष ने कोई स्टैंड नहीं लिया.
कुमार ने आरोप लगाया था कि गांधी ने एक बयान तक जारी नहीं किया. अगर उन्होंने बयान जारी किया होता तो वह महागठबंधन को छोड़ने और राजग में फिर से शामिल होने के बारे में दूसरी बार सोचने पर मजबूर होते. ज्ञात हो कि महागठबंधन से जेडीयू के अलग होने के बाद, राजद के हाथ से सत्ता चली गई थी. उस वक्त तेजस्वी यादव बिहार के डिप्टी सीएम थे.




