
Chatra : चतरा के टंडवा कोयलांचल में उग्रवादियों ने बार फिर से दस्तक दी है. मंगलवार की देर रात टीएसपीसी के उग्रवादियों ने टंडवा राहम बाईपास रोड पर कोयला लदे दो हाइवा को फूंक दिया. इससे क्षेत्र फिर से दहशत के साये में आ गया है. दोनों हाइवा सीसीएल की आम्रपाली से आरकेटीसी ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के लिए कोयला ढुलाई कार्य में लगी थी.
घटना को अंजाम देने के बाद टीएसपीसी के उत्तरी दक्षिणी एरिया कमिटी के कमांडर अमरजीत ने पर्चा छोड़कर घटना की जिम्मेवारी लेते हुए सभी ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों को चेताया कि बगैर उनकी इजाज़त के कोई काम नहीं करें अन्यथा जान माल की क्षति होने पर वे खुद जिम्मेदार होंगे. इतना ही नहीं नक्सलियों ने चल रहे खनन एवं ढुलाई सहित अन्य कार्यों में 90 प्रतिशत काम स्थानीय कामगारों से लेने का भी फरमान जारी किया है.
इधर. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर दमकल की गाड़ी भी बुलाई गई थी. परन्तु दोनो हाइवा लगभग जल चुके थे. वहीं एसपी ऋषभ झा ने कहा कि नक्सली विकास विरोधी गतिविधि को छोड़कर सरेंडर करें, अन्यथा पुलिस के हाथों उनकी मौत सुनिश्चित है.




