
Jamtara : बुधवार को जामताड़ा गांधी चौक पर भाजपा ने धरना दिया. इसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने किया. इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से राज्य में निरंतर हो रहे दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं पर संज्ञान लेने का आग्रह किया.
आम आदमी पर पुलिसिया जुल्म कर रही है राज्य सरकार
जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं में पिछले एक वर्ष से बेतहाशा वृद्धि हुई है. कहा कि राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद आंकड़े बताते हैं कि नवंबर 2020 तक दुष्कर्म के बाद पीड़िता की हत्या की 1765 घटनाएं हुईं. इनमें अधिकतर बेटियां आदिवासी और दलित समाज से थीं. तीन दिन पूर्व रांची के ओरमांझी में युवती की सिर कटी लाश नग्नावस्था में मिली.
इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री के काफिले पर हुए हमले के मामले में 76 लोगों पर की गयी FIR दर्ज
उन्होंने कहा कि इससे राज्य की गिरती कानून व्यवस्था की पोल खुल गयी है. इस घटना ने राज्य के आम लोगों को विरोध में सड़क पर उतरने को विवश कर दिया है. राज्य सरकार घटना के उद्भेदन में अपनी ताकत न लगाकर आम आदमी पर पुलिसिया जुल्म कर रही है, जो सरकार की निर्दयता को दर्शाता है.
नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए : पूर्व मंत्री
पूर्व कृषि मंत्री बाटुल झा ने कहा कि इस सरकार ने एक वर्ष बीत जाने के बाद अभी तक झारखंड में एक भी काम नहीं किया है. पारा शिक्षक, अनुबंधकर्मी से बहला-फुसलाकर वोट ले लिया, लेकिन अभी तक पहल नहीं की है. इस सरकार को नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- अब मिशन बंगाल पर लगाये गये मंत्री आलमगीर आलम
हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचा रही सरकार : कमल
मिहिजाम नगर परिषद के चेयरमैन कमल गुप्ता ने कहा कि सरकार को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार हिंदुओं की आस्था का केंद्र बोकापहाड़ी को लीज पर देकर उसे खत्म कर रही है. इससे हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया जा रहा है. राज्य की आम जनता, बहन, बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार चिंतित नही है. अगर प्रशासन अत्याचार व दुष्कर्म की घटनाओं को नहीं रोक सकी, तो ऐसी घटनाओं को रोकने हेतु भाजपा सड़क से सदन तक कार्यक्रम करेगी.
मौके पर जिला मंत्री कुणाल सिंह, जावेद अंसारी, मनीष दुबे, बालमुकुंद दास, सुरेश राय, रीता शर्मा, बेबी सरकार, निमाई दास, सुरेश कुमार आदि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें- भाजपा नेताओं ने सीएम के काफिले पर सुनियोजित हमले की बनायी रणनीति, पुलिस की तत्परता से बची जानः झामुमो




