
Ranchi: बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम को शनिवार को झारखंड विधानसभा चुनाव (भाजपा) के सह प्रभारी हिमंता विश्वा सरमा, प्रदेश अध्यक्ष बाबुलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन, विधायक सीता सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने साझा रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई. प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि वे बचपन से लेकर 2024 तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए समर्पित रहा. दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने हाथ पकड़ कर उन्हें राजनीति सिखायी. उन्होंने यह भी सिखाया कि जहां भी गलत हो रहा हो, उसका विरोध किया जाना चाहिए. मैंने इसे अपनी आदतों में बनाए रखा. झामुमो में रहते भी ऐसा किया.

लोबिन ने कहा कि आज झारखंड मुक्ति मोर्चा शिबू सोरेन वाला पार्टी नहीं है. उनके बेटे हेमंत सोरेन ने पार्टी के मूल आदर्शों को विलुप्त कर दिया है. उन्होंने बताया कि कैसे हेमंत सोरेन ने शिबू सोरेन के शराब बंदी के फैसले के बाद भी राज्य में छत्तीसगढ़ वाला मॉडल को राज्य में लागू किया. लोबिन ने संताल परगना में बढ़ते घुसपैठ को चिंताजनक बताया. कहा कि राज्य के संथाल क्षेत्र में डेमोग्राफी बदल रही है. महिलाओं के साथ अपराध हो रहा है, आदिवासी महिलाओं के साथ दूसरे समुदाय के लोग शादियां कर रहे हैं. बांग्लादेशी घुसपैठ हो रही है. लेकिन इतना कुछ होने के बाद भी हेमंत सोरेन अपने वोट की राजनीति के कारण कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहे.

भाजपा से ही झारखंड का विकास
लोबिन ने कहा कि झारखंड का विकास अब भाजपा ही कर सकती है. उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह इस राज्य का विकास करेंगे. इसलिए उन्होंने झारखंड के विकास के लिए आज भाजपा का दामन थामा है.




