
Jamshedpur : दिन चढ़ते ही उमस भरी गर्मी ने लोगों का यूं ही हाल-बेहाल कर रखा है. उस पर शहर के गैर-कंपनी इलाकों की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. इससे लोगों का बुरा हाल है. हालत यह है कि कई इलाकों में लोग रातभर जागने पर मजबूर हो गये हैं. साथ ही बिजली गुल होने की वजह से बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है. वहीं, जलसंकट भी गहराने लगा है.
इन इलाकों के लोगों का है हाल-बेहाल
बिजली व्यवस्था चरमराने से जिन इलाकों के लोगों का हाल-बेहाल है उनमें शहर के मानगो क्षेत्र के अलावा बागबेड़ा, जुगसलाई, कीताडीह, करनडीह, परसुडीह, बिरसागनर के अलावा पड़ोसी जिले का आदित्यपुर क्षेत्र भी शामिल है.
यह है वजह
दरअसल, बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग भी बढ़ी है, लेकिन उस हिसाब से आपूर्ति नहीं हो पा रही है. यह राज्यभर की परेशानी बनी हुई है. जहां बिजली की मांग 2300 मेगावाट तक हो गई है, वहां बिजली की आपूर्ति 1900 मेगावाट ही हो रही है. रही बात जिले की तो फिलहाल 400 मेगावाट की मांग है, लेकिन तेनुघाट यूनिट में आयी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति मात्र 275 मेगावाट हो रही है. इसका प्रभाव जमशेदपुर के गैर कंपनी इलाकों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पड़ रहा है. कई इलाकों में 5 से 7 घंटे तक बिजली गुल रह रही है. इससे लोग त्राहिमाम हैं. इधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है. अगले कुछ दिनों में स्थिति में सुधार हो जाएगा.




