
Patamada : बोड़ाम थाना क्षेत्र की डांगडुंग पहाड़ी से अवैध खनन करते हुए चोरी-छिपे जमशेदपुर ले जाकर मैंगनीज पत्थर को मैंगनीज माफिया बेचते हैं. यह धंधा वन विभाग एवं पुलिस की जानकारी में भी है और पूर्व में कई बार कई गाड़ियों को जब्त करते हुए इसके कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हो चुकी है. लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक इसमें काफी पैसों का खेल होने की वजह से यह धंधा पिछले करीब 7-8 वर्षों से जारी है. गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की एक टीम ने उक्त पहाड़ी पर छापेमारी करते हुए मैंगनीज पत्थर लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया, जबकि इसके चालक व कारोबार से जुड़े लोग भाग निकले. इस संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि इसमें कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं, जिनकी मदद से ही यह कारोबार चल रहा है. बताते हैं कि पहाड़ी से ट्रैक्टर पर उतारने के बाद मैंगनीज को 10 चक्का ट्रक में लोड किया जाता है. फिर रात के अंधेरे में जमशेदपुर भेज दिया जाता है. इसमें जमशेदपुर निवासी कई कारोबारी शामिल हैं. इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी शंकर लकड़ा ने बताया कि सुबह में वन विभाग की ओर से उन्हें जानकारी दी गयी थी, जब तक उनके अफसर पहुंचे तब तक वन विभाग के पदाधिकारी ट्रैक्टर को लेकर चले गये थे. इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट में शिकायत दर्ज की गयी है.
इसे भी पढ़ें – निफ्ट की परीक्षा को लेकर झारखंड के डेढ़ हजार उम्मीदवार परेशान, 6 फरवरी को होने वाली है परीक्षा




