NEWS

Jamshedpur : आंध्रा एसोसिएशन के चुनाव पर फिर लगा ग्रहण, पंचायत चुनाव के बाद होगा विचार

तीनों ट्रस्टियों ने एसडीओ से की मुलाकात, वर्तमान कमिटी पर लगाया वित्तीय अनियमितता का आरोप

Jamshedpur : कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन का चुनाव कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को तीनों ट्रस्टियों ने अनुमंडल अधिकारी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने एक बार फिर वर्तमान कमिटी पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया. उनके आरोपों के घेरे में एसोसियेशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव रहे. तीनों ट्रस्टियों ने अनुमंडलाधिकारी को कमिटी की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुये जल्द एसोसिएशन का चुनाव कराने की मांग की. इस पर उन्हें पंचायत चुनाव का हवाला देते हुये कहा गया कि पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद एसोसिएशन के चुनाव पर विचार किया जायेगा. जिन ट्रस्टियों ने अनुमंडल अधिकारी से मुलाकात की, उनमें एम भास्कर राव, टी आदी राव एवं के वेणुगोपाल शामिल थे.

क्या है पूरा मामला

ट्रस्टी एम भास्कर राव ने बताया कि आंध्रा एसोसिएशन की वर्तमान कमिटी में ढ़ेर सारी वित्तीय अनियमितता है. उन्होंने इसके लिये कमिटी के अध्यक्ष पीवीटी राव, उपाध्यक्ष के श्रीनिवास राव और महासचिव ए भास्कर राव को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने बताया कि इन तीनों पदाधिकारियों ने इस तरह पैठ बना लिया है कि सदस्य तो दूर, ट्रस्टियों की बातों को भी अनसुना कर अपनी मनमानी करते रहते हैं. इन तीनों पदाधिकारियों को कई बार समझाने की भी कोशिश की गयी. फिर भी उनकी मनमानी जारी है. इसे देखते हुये वर्ष 2018 में एसोसियेशन के 18 सदस्यों में 14 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था. उसके बाद तीनों ट्रस्टियों एम भास्कर राव, टी आदी नारायण राव और के वेणुगोपाल ने पद से इस्तीफा देते हुये वर्ष 2019 में ही कमिटी को बर्खास्त कर दिया. उसके बाद नयी कमिटी के चुनाव के लिये तत्कालीन एसडीओ से मुलाकात की गयी थी, लेकिन कोविड काल होने की वजह से दो साल तक कमिटी का चुनाव नहीं हो सका.

टीचर और स्टाफ का पेमेंट छोड़कर अन्य खर्च पर रोक की मांग

अब कोरोना से उबरने के बाद गुरुवार को एकबार फिर ट्रस्टियों ने अनुमंडल अधिकारी को पत्र लिखकर एसोसिएशन का चुनाव कराने की मांग की. साथ ही आंध्रा एसोसियेशन स्कूल के टीचर और स्टाफ का पेमेंट छोड़कर अन्य सभी खर्च पर रोक लगाने की भी मांग की थी. हालांकि, पंचायत चुनाव के कारण एक बार फिर उनका एसोसिएशन का चुनाव कराने की मांग टल गयी है. अब एसोसिएशन से जुड़े सभी लोगों की निगाहें पंचायत चुनाव के बाद एसोसिएशन से जुड़े मामले में प्रशासन के निर्णय पर टिकी है.

ये भी पढ़ें- Jamshedpur : शहर में बंद क्वार्टरों को निशाना बनाने वाले दो चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, गोलमुरी में भी चोरी की घटना को दे चुके है अंजाम

Related Articles

Back to top button