
Jamshedpur: जिले के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड निवासी सुमन रक्षित की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस का कहना है कि सुमन रक्षित की हत्या उसके दोस्त ने ही की थी. हत्या की वजह पुलिस ने सट्टेबाजी के तीन लाख रुपया का बकाया होना बताया है.
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुंबई रेलवे स्टेशन से हत्या के आरोपियों रिशु श्रीवास्तव और राहुल दुबे को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पिस्टल और मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है. गौरतलब है कि रक्षित की हत्या 15 जनवरी गोली मारकर की गयी थी.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर- कहीं काम नहीं आया आयुष्मान कार्ड, इलाज के अभाव में बेटे ने दम तोड़ा, पिता ने की शिकायत
सट्टेबाजी का तीन लाख रुपया बनी हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, क्रिकेट की सट्टेबाजी में सुमन रक्षित के पास उसके दोस्तों रिशु श्रीवास्तव और राहुल दुबे का तीन लाख रुपया बकाया था. बकाये रुपये के लेन-देन को लेकर ही विवाद हुआ और दोस्तों ने ही सुमन की हत्या कर दी. आरोपी रिशु श्रीवास्तव मानगो डिमना रोड बालेश्वर पथ का निवासी है, तो दूसरा आरोपी राहुल मृतक के पड़ोस का ही रहना वाला है.
मुंबई से हुई दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, सुमन रक्षित की हत्या के बाद रिशु श्रीवास्तव और राहुल दुबे रांची आ गये. फिर जल्दी ही रांची से मुंबई भाग गये. मुंबई जाकर रिशु ने अपनी प्रेमिका को फोन किया. रिशु को लेने उसकी प्रेमिका स्टेशन पहुंची.
लेकिन उसी बीच दोनों आरोपियों का पीछा करते हुए पुलिस भी वहां पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा रिशु की प्रेमिका से भी पुलिस ने पूछताछ की और फिर छोड़ दिया. हालांकि दोनों आरोपी मुंबई से गुजरात भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पकड़ गये.
जिम के बाहर सुमन रक्षित की गोली मारकर की गयी थी हत्या
गौरतलब है कि 15 जनवरी को उलीडीह पटेल पथ स्थित पावर फिटनेस जिम के बाहर सुमन रक्षित को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी थी. इसमें सुमन की मौत हो गई थी. सुमन के पिता विजय रक्षित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था.
जिसके बाद एसपी जमशेदपुर के निर्देश पर गठित पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें – #CAA के विरोध में रांची में एकजुट हुईं महिलाएं, शाहीन बाग की तर्ज पर आंदोलन शुरू




