JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर: बारीगोड़ा में मारपीट और तोड़फोड़ के विरोध में दुकानदारों ने किया सड़क जाम, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े

Jamshedpur : जोजोबेड़ा कृष्णा नगर के युवकों ने बारीगोड़ा बाजार इलाके में बुधवार को जमकर उत्पात मचाया. युवकों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और दुकानदारों के साथ मारपीट की. इसे लेकर आक्रोशित दुकानदार उन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ही रहे थे कि दोबारा उन युवकों ने हमला कर दिया. इसके बाद दुकानदारों ने उन्हें खदेड़ा तो सभी भाग गये. उक्त युवकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बारीगोड़ा के दुकानदारों ने गुरुवार को दोपहर तक अपनी दुकानों को बंद करने का फैसला किया है.

जिसने विरोध किया, उससे मारपीट की गयी
दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से 10 से 15 युवकों का एक गुट बाजार इलाके में उत्पात मचा रहा है. ये युवक अक्सर दुकानदारों के साथ मारपीट करते हैं. बुधवार को ये युवक सरस्वती प्रतिमा को लेकर विसर्जन के लिए जा रहे थे. डांस के चक्कर में इन्होंने रास्ता जाम कर दिया था. स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने इसका विरोध तो युवक उनसे उलझ गये और उनके साथ मारपीट करने लगे. उसके बाद दुकानदारों ने एकजुट होकर उन्हें खदेड़ दिया. थोड़ी ही देर के बाद कुछ उसी समूह के कुछ युवक आये और दुकानदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी. दुकानदारों ने इसकी सूचना परसूडीह पुलिस को दी. पुलिस के आने के पहले ही सभी बदमाश फरार हो गये.

पुलिस ने तोड़ी झोपड़ी
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दुकानदारों ने बताया कि ये युवक एक झोपड़ी में अड्डेबाजी करते हैं. इसके बाद पुलिस ने उस झोपड़ी को तोड़ दिया.

शराब दुकानदार को पीटा, सीसीटीवी तोड़ा
दुकानदार और समाजसेवी संतराज सिंह उर्फ पहाड़ सिंह ने बताया कि बदमाश पहले बुधवार को बृजेश कुमार की अंग्रेजी शराब की दुकान पर गये और वहां शराब के साथ रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की. मना करने पर उनकी दुकान में तोड़फोड़ की. इसके बाद ओम इन्फोटेक मोबाइल दुकान और तिवारी टेंट हाउस पर पथराव किया. द्वारिका यादव के घर भी तोड़फोड़ की गयी. बदमाशों ने गोरख सेठ की दुकान में आग लगाने की धमकी दी. इसके बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं. इसके बाद सभी बदमाश चले गये. इधर दुकानदार आपस में बात कर ही रहे थे तभी दर्जनों बदमाश लाठी डंडा लेकर पहुंच गये. दुकानदारों ने भी उन्हें दौड़ाया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन तब तक सभी फरार हो चुके थे. बारीगोड़ा बाजार समिति के अध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि बदमाशों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर तक बारागोड़ा की सभी दुकानों को बंद रखकर शांतिपूर्ण धरना दिया जायेगा.

इनके खिलाफ थाने में शिकायत
मारपीट और रंगदारी मांगे जाने के संबंध में दुकानदारों ने राजीव रजक उर्फ रजिप्पा, सोनू कामत उर्फ डेपा, दीपक उर्फ डोमा व अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत परसूडीह थाने में की है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

बारीगोड़ा बाजार में कुछ युवकों द्वारा उत्पात मचाया गया है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वे लोग भाग गये. पुलिस इलाके में लगातार गश्त लगा रही थी. लोगों की शिकायत है कि पुलिस के जाते ही वे लोग दोबारा आकर हंगामा करने लगते हैं.
– विमल किंडो, थाना प्रभारी, परसूडीह

Related Articles

Back to top button