
Dhanbad : बलियापुर खेतटांड खुशबू कुमारी की मौत पर आजसू के प्रखंड कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर के रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया. मौके पर मृतक के माता, पिता समेत दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. वहीं माता-पिता ने कहा कि खुशबू ने खुदकुशी नहीं की है, उसकी हत्या हुई है. पुलिस प्रशासन ने यूडी केस दर्ज कर आरोपियों को बचाने का काम कर रही है. पुलिस उसे हत्या की धारा 302 में परिवर्तित करके जांच करें तो आरोपी जल्दी ही पुलिस के गिरफ्त में होगी. जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी हत्या की ओर इशारा कर रही है. कांड का उदभेदन अविलंब कर के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिया जाए.
साथ ही यह भी कहा कि पुलिस को घटनास्थल से तीन मोबाइल मिले हैं. तीनों मोबाइल का कॉल डिटेल पूरी ईमानदारी के साथ खंगाला जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. क्योंकि इस कांड के पीछे जो भी आरोपी है वह प्रत्यक्ष रुप से सामने आ जाएंगे. मौके पर हैदर अली अंसारी, रतिलाल महतो, कुल्लू चौधरी, बंसराज कुशवाहा, जीतू पासवान, बलराम महतो, संतोष पासवान, अमर पासवान, परमेश्वर महतो, धनु महतो, मनोज रवानी समेत अन्य लोग शामिल थे.
इसे भी पढ़ें-बीसीसीएल के जगजीवन नगर कॉलोनी में ऐसा पहले नहीं हुआ था…
खुशबू की मौत पर दो युवक हिरासत में
खुशबू की मौत के मामले में दो युवकों को बलियापुर पुलिस ने सिंदरी के छाताबांध गांव से सूरज प्रमाणिक और अमर प्रमाणिक नामक युवकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पुलिसिया पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 29 अगस्त को खुशबू और सोनाली दोनों सहेलियां के साथ हम लोग धनबाद के बिग बाजार घूमने गए थे. काफी देर तक हम लोग साथ रहे, फिल्म देखने की भी इच्छा हुई जिसे हम लोगों ने एक साथ फेम में फिल्म देखी.
इस बीच खुशबू ने कहा था कि काफी देर हो गई अब हम लोगों को घर चलना चाहिए. इतना कहते हुए हम लोग सरायढेला की मार्ग पकड़कर बलियापुर की ओर निकल गए. इस बीच रास्ते में खुशबू सल्फास क्यों खाई हमलोगों को नहीं पता. खुशबू की मौत से हमें भी बहुत दुख हुआ क्योंकि वह हमारी सबसे अच्छे दोस्त थी. हम दोनों एक दूसरे को काफी सालों से जानते आ रहे थे. वहीं सोनाली से खुशबू के जरिए ही जान पहचान हुई थी. इस मामले में सिटी एसपी के नेतृत्व में जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें-1.10 लाख वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगा आईआईएम रांची का नया भवन
क्या कहते हैं सिटी एसपी
सिटी एसपी पीयूष पांडे ने कहा कि जांच चल रही है. आरोपी जो भी है जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा. क्योंकि जांच में बहुत सी बातें सामने आई है. स्थानीय विधायक फूलचंद मंडल के पुत्र आशीष मंडल की संलिप्ता है कि नहीं यह भी जांच किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-फिंगर प्रिंट से अब करियर काउंसलिंग संभव, DMIT बताएगा आपका इन बोर्न टैलेंट
क्या कहते बलियापुर थाना इंचार्ज
बलियापुर थाना इंचार्ज रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि खुशबू से सूरज हमेशा बात करता था. घटना के दिन भी बलियापुर राधा कृष्ण मंदिर के समीप बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम के पास सीसीटीवी फुटेज के माध्यम दोनों को एक साथ देखा गया. जांच अभी चल ही रही है खुशबू की हत्या हुई है या उसने खुद आत्महत्या की पुलिस मामले का उद्भेदन जल्द ही कर देगी.




