
Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत फार्म एरिया रोड नंबर 19 के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. इधर, सूचना पाकर कदमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार सवार तीन घायलों को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान कदमा रामजनम नगर निवासी 37 वर्षीय शशिभूषण सिंह के रूप में की गई जबकि दो अन्य घायलों का इलाज टीएमएच में चल रहा है. दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना सोमवार देर रात की है. कार में शशिभूषण के अलावा दो अन्य लोग सवार थे. शशिभूषण कार के दाईं ओर बैठे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी. अचानक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. पेड़ से टकराने के बाद कार की ड्राइविंग सीट का एयरबैग खुल गया जिससे चालक बच गया पर शशिभूषण की मौत हो गई.




