
chaibasa : टाटा कॉलेज मैदान में सामाजिक संगठन कोल्हान नितिर तुरतुंग व मानकी-मुंडा संघ की केन्द्रीय कमेटी की ओर से शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण शिविर बीते एक फरवरी से चलाया जा रहा है. विभिन्न विभागों में कार्यरत जिले के सेवा भाव के व्यक्तित्वों द्वारा संचालित इस शिविर में विशेष कर आदिवासी युवक-युवतियों को अनुभवी पूर्व सैनिक सह संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल के खेल प्रशिक्षक विजय बाड़ा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है. विजय युवकों को सेना में बहाल होने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने एवं कार्य बल बढ़ाने के गुर सिखा रहे हैं. प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के 290 युवक-युवतियां निशुल्क प्रशिक्षण ले रहे हैं. कोल्हान नितिर तुरतुंग के महासचिव प्रेम सिंह डांगिल ने बताया कि गत वर्ष 150 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया था. उनमें से 34 युवा इंडियन आर्मी में बहाल हो गए. डांगिल ने बताया कि जिले के शिक्षित युवाओं को भटकाव से बचाने के लिए ही नौकरी पेशा लोगों से मिल रहे स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से इस तरह का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि प्रशिक्षण का लाभ अधिक से अधिक युवा लें, देश सेवा के साथ-साथ अपने परिवार को सुदृढ़ बनाएं.
ये भी पढ़ें- बहरागोड़ा: डीडीसी ने क्षेत्र भ्रमण कर विकास योजनाओं का लिया जायजा, धीमी प्रगति देख भड़के




