
Ranchi : लंबे इंतजार के बाद राज्य के करीब 65 हजार परीक्षार्थियों का रिजल्ट मंगलवार को झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने ऑनलाइन जारी कर दिया. इस बार कोरोना की मार इस तरह पड़ी कि परीक्षार्थियों को अब इस सत्र के लिए नामांकन लेने की तैयारी करनी होगी. जैक ने मैट्रिक व इंटर कंपार्टमेंटल परीक्षा का रिजल्ट निकाला, साथ ही मदरसा, मध्यमा और इंटर वोकेशनल परीक्षा का रिजल्ट जारी किया.
इसे भी पढ़ेंःआजसू ने मनाया विश्वासघात दिवस, सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा- झामुमो, कांग्रेस ने राज्य की जनता के साथ किया विश्वासघात
मैट्रिक में 52.06 प्रतिशत बच्चे सफल हुए, जबकि इंटर आर्ट्स में सबसे अधिक 81.89 प्रतिशत बच्चों ने बाजी मारी. वहीं, साईंस में 55.15 और कॉमर्स संकाय में 60.68 प्रतिशत बच्चे सफल रहे. मालूम हो कि कुल 65 हजार परीक्षार्थियों में से करीब 10 हजार परीक्षार्थी असफल रहे.
मध्यमा और मदरसा के रिजल्ट में मदरसा का परिणाम बेहतर रहा. मदरसा में 96.3 प्रतिशत और मध्यमा में 94.16 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे. मदरसा के वस्तानिया में 96 प्रतिशत, फोकानिया 94 प्रतिशत और मौलवी में 98 प्रतिशत बच्चे सफल हुए. इंटर वोकेशनल में 90 प्रतिशत बच्चों ने सफलता हासिल की. जैक की ओर से बताया गया कि परीक्षार्थी अपना रिजल्ट काउंसिल की वेबसाईट पर जाकर देख सकते हैं.
नामांकन लेने और परीक्षा की तैयारी बनेगी चुनौती
रिजल्ट देर से जारी होने की मुख्य वजह कोरोना को बताया जा रहा है. जैक के अनुसार कोरोना काल में हर चीजें बंद रहीं, जिसका असर परीक्षा से लेकर मूल्यांकन पर पड़ा. लेकिन वजह जो भी हो परीक्षा में पास करनेवाले करीब 65 हजार परीक्षार्थियों के बीच इसी सत्र में नामांकन लेना सबसे बड़ी चुनौती होगी. लगभग सभी निजी स्कूलों व कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब परीक्षा की तैयारी करायी जा रही है. ऐसे समय पर रिजल्ट आने के बाद परीक्षार्थियों के नामांकन के साथ परीक्षा की तैयारी पर भी सवाल खड़ा हो रहा है.
इसे भी पढ़ेंःजानिए, हेमंत सरकार की पहली वर्षगांठ पर लांच हुई 10 बड़ी योजनाओं को




