
Ranchi : झारखंड बोर्ड के 10वीं और इंटर के छात्रों का इंतजार अब जल्द ही खत्म हो सकता है. 31 जुलाई को जैक की ओर से मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट घोषित हो सकता है. जैक चेयरमैन डॉ अरविंद प्रसाद सिंह की ओर से यह जानकारी दी गयी. श्री सिंह ने कहा कि आंतरिक विश्लेषण के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार हुआ है. पिछले दिनों मैट्रिक और इंटर के लिए रेगुलेशन जारी किया.
जिसमें मैट्रिक के लिए नौवीं और इंटर के लिए ग्यारहवीं के अंकों के आधार पर विश्लेषण की जानकारी दी गयी है. मैट्रिक और इंटर में क्रमशः 9वीं व 11वीं परीक्षा में मिले अंक से 80 प्रतिशत मिलेगा.
जबकि 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन से दिये जायेंगे. आंतरिक मूल्यांकन सात बिंदुओं पर मिलेगा. बता दें कि मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट तैयार करने के लिए प्रत्येक स्कूल में चार सदस्यीय कमेटी गठित की गयी थी.
कमेटी के अध्यक्ष प्रिंसिपल थे. वहीं सदस्यों में संबंधित स्कूल के वरीय शिक्षक, डीईओ नामित एक सदस्य, डीईओ नामित आब्जर्वर शामिल थे. कमेटी के तीन सदस्यों द्वारा अंक दिये गये हैं.
इसे भी पढ़ें :Breaking News : क्रुणाल पांडया Corona पॉजिटिव, भारत औऱ श्रीलंका के बीच दूसरा टी-20 मैच स्थगित
सात बिंदुओं पर आंतरिक मूल्याकंन
इसमें क्लास में छात्रों का प्रदर्शन, मॉडल प्रश्न पत्र के आधार पर ली गयी आंतरिक परीक्षा में छात्रों का मूल्यांकन, ऑनलाइन क्लास में छात्रों का प्रदर्शन, स्कूल स्तर की परीक्षाओं में छात्रों का प्रदर्शन, 9वीं व 11वीं में छात्रों की उपस्थिति, 9वीं व 11वीं में मासिक, त्रैमासिक व अर्धवार्षिक परीक्षा में मिले अंक और 9वीं व 11वीं में आंतरिक मूल्यांकन शामिल है.
जैक के अनुसार जिन विषय में प्रैक्टिकल है और किसी कारण से छात्र शामिल नहीं हो सके हैं. उनके लिए आपदा विभाग के कोरोना गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा आयोजित की गयी.
इसे भी पढ़ें :गुजरात का हड़प्पाकालीन शहर धोलावीरा यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों में हुआ शामिल
जैक के रिजल्ट को लेकर यह भी निर्देश
- आंतरिक मूल्यांकन में मिले अंक जैक की वेबसाइट पर अपलोड होंगे.
- अंकों को डाउनलोड करने के बाद दो प्रतियों में प्रिंट निश्चित रूप से करा लें. इस पर आब्जर्वर को छोड़ सभी सदस्य हस्ताक्षर करेंगे. एक प्रति स्कूल और दूसरी प्रति डीईओ कार्यालय में जमा करनी होगी.
- अंकों को ऑनलाइन पोस्टिंग करने में सावधानी बरतें, क्योंकि गलत पोस्ट होने की स्थिति में सुधार नहीं होगा.
- किसी छात्र के आंतरिक मूल्यांकन का अंक ऑनलाइन पोस्ट नहीं होता है तो अनुपस्थित मानते हुए रिजल्ट तैयार होगा.
- परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट छात्रों के लिए आगामी परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें :बिहार में पीएम पैकेज की 90 योजनाओं में 18 हो चुकीं पूरी, पैकेज से अब तक 16,890 करोड़ हो गया विकास पर खर्च




