
Tel Aviv : इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा फरवरी या मार्च में भारत का दौरा करने की संभावना है. यह दौरा दोनों ही देशों में चुनाव से ठीक पहले होने जा रहा है. भारत में अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं. उधर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के एक प्रवक्ता ने ट्विटर पर इस बाबत जानकारी दी है कि इस्राइल में अप्रैल महीने में आम चुनाव होंगे. प्रवक्ता ने सरकार के गठबंधन के सदस्यों के साथ प्रधानमंत्री की हुई बैठक के बाद यह जानकारी दी थी. नेतन्याहू के राजनीतिक सहयोगियों द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, गठबंधन के नेताओं ने सर्वसम्मति से संसद को भंग करने और अप्रैल की शुरुआत में चुनाव कराये जाने का फैसला लिया गया है. बता दें कि नेतन्याहू साल भर पहले ही जनवरी 2018 में भारत आ चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2017 में तेल अवीव की यात्रा कर चुके हैं. सूत्रों के अनुसार अभी तारीख तय नहीं हुई है.
मीर बीन-शब्बात राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मिले थे
दोनों ही पक्षों ने अपनी सुविधा के अनुसार तारीखें सुझाई है लेकिन अभी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है. हालांकि यह दौरा फरवरी या मार्च में हो सकता है. खबरों के अनुसार इस माह की शुरुआत में दोनों ही देश के नेताओं ने फोन पर बातचीत की थी और इसी दौरान इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मीर बीन-शब्बात ने दिल्ली का दौरा किया था.शब्बात इस क्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मिले थे. खबरों के अनुसार दोनों ही देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई बातचीत के दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री ने भारत दौरे की इच्छा जताई थी.




