
Kocchi : पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने मुझे स्पष्ट रूप से कहा था कि नयी राफेल डील से उनका कोई लेना-देना नहीं है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर कोच्चि में आयोजित बूथ स्तरीय पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में यह बात कही. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल ने दावा किया कि मनोहर पर्रिकर ने स्पष्ट रूप से कहा था कि नये सौदे से उनका कोई लेना-देना नहीं है. राहुल ने कहा कि मोदी ने अनिल अंबानी के फायदे के लिए सौदा किया है. बता दें कि पणजी में राज्य सचिवालय परिसर में गोवा के सीएम पर्रिकर से मुलाकात के कुछ घंटे बाद उन्होंने यह बात कही है. इससे पूर्व राहुल ने गोवा ऑडियो टेप को वास्तविक करार दिया था. कांग्रेस इस टेप के जरिए राफेल मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमलावर हुई थी. टेप में दावा किया गया है पर्रिकर के पास राफेल सौदे की गोपनीय जानकारी है.
मोदी ने आम जन से 30 हजार करोड़ छीन कर अनिल अंबानी को दे दिये
राफेल सौदे में मोदी के खिलाफ अपने आरोपों को दोहराते हुए राहुल ने कहा कि मोदी ने आम जन से 30 हजार करोड़ रुपये छीन कर अपने दोस्त अनिल अंबानी को दे दिये. इस क्रम में राहुल ने आरोप लगाया कि जब एक राफेल विमान की कीमत 526 करोड़ रुपये थी तो फिर उसे 1,600 करोड़ रुपये में क्यों खरीदा गया? केरल के युवकों को केवल एक जवाब मिलेगा और वह जवाब है…भारत का प्रधानमंत्री भ्रष्ट है. राहुल ने सीबीआई प्रमुख आलोक वर्मा पर भी अपनी बात रखी. सुप्रीम कोर्ट द्वारा बहाल किए जाने के बावजूद उन्हें पद से हटाये जाने पर राहुल ने सवाल उठाया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने खुद को बचाने के लिए और यह सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया कि राफेल सौदे में उनके खिलाफ कोई जांच नहीं हो.
साथ ही कहा कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने प्रेस से स्पष्ट रूप से यह क्यों कहा कि उन्हें भारत के प्रधानमंत्री ने राफेल अनुबंध अनिल अंबानी को देने को कहा है. राहुल के अनुसार हजारों युवक जिन्हें एचएएल में मोटी पगार वाली नौकरियां मिलती, उनके हाथ से यह अवसर अब चला गया.
इसे भी पढ़ें : राफेल विवाद के बीच मनोहर पर्रिकर से मिले राहुल गांधी




